किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के कटरा बाजार थाने की पुलिस ने बिहार प्रांत के सीतामढ़ी से एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित अभियुक्त विक्की यादव को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। यह जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि विक्की यादव पुत्र राजाराम निवासी खोरिया थाना चरौत सीतामढ़ी (बिहार) जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था तथा उसके साथ दुष्कर्म भी किया था। इस सम्बन्ध में लड़की के पिता द्वारा स्थानीय थाने पर भादवि की धारा 363, 366ए, 376(2) भादवि व 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया था। विवेचक दुर्गेश कुमार ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया।
दो नेपाली किशोरियों से सामूहिक दुष्कर्म
बलरामपुर जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र में पड़ोसी देश नेपाल से साप्ताहिक बाजार में सामान लेने आयी दो नेपाली किशोरियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि नेपाल राष्ट्र के दांग जिला के खंगड़ा नाका की दो किशोरियां सीमावर्ती क्षेत्र मणिपुर बाजार के साप्ताहिक बाजार में सामान लेने आ रही थीं। तभी रास्ते में पड़ने वाले जंगल में चार लोगों ने किशोरियों को रोककर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरियों ने वापस अपने घर जाकर परिजनों से पूरी घटना बताई। परिजन नेपाल पुलिस के पास गए और नेपाल पुलिस दोनों किशोरियों को लेकर हरैय्या थाना पहुँची। जानकारी मिलते ही हर्रैया थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सक्सेना ने सोमवार को बताया कि पीड़ित किशोरियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले राम चन्द्र, राजेन्द्र, राकेश और पिंटू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार चारां आरोपियों के खिलाफ गैगेस्टर और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून अधिनियम की धाराएं लगाई जाएगी और फास्ट टै्रक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा।
युवक ने फांसी लगाकर दे दी जान
जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत बाल्हाराई निवासी सूबेदार मिश्रा (31) पुत्र जगदंबा प्रसाद मिश्रा ने बीती रात अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्म हत्या कर लिया। परिजनों ने बताया कि रविवार की रात खाना खाने के बाद सूबेदार अपने कमरे में जाकर सो गया। सुबह वह छत में लगे छल्ले से लटकता पाया गया। वह माता-पिता का इकलौता पुत्र था। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। समाचार लिखे जाने तक इस सम्बंध में कोई अभियोग दर्ज नहीं किया गया है। डुमरियाडीह चौकी इंचार्ज गोपाल सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
महिला की संदिग्ध मौत
जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरगूचांदपुर (ढोंगवा) निवासी संजू देवी (28) पत्नी विनय कुमार तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता अवधेश कुमार मिश्रा ने बेटे की हत्या किए जाने को लेकर थाना कोतवाली देहात में तहरीर दी है। उनका आरोप है कि बेटी को मारकर फंदे पर लटका दिया और आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे उतारकर बेड पर लिटा दिया। विवाह आठ वर्ष पहले हुआ था। मृतका के पिता के अनुसार, ससुराल वाले दहेज में बाइक व सोने की चेन के लिए मांग करते थे। इसको लेकर उनकी बेटी का उत्पीड़न किया जाता था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
युवती ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के रामपुर दुबावल के मजरा बेंचूपुरवा निवासी अंजू सोनी (26) पत्नी जितेंद्र कुमार सोनी ने पारिवारिक कलह के कारण कल घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। परिजनों ने युवती को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची नगर पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बिना तलाक दिए पति ने कर ली दूसरी शादी
जिले के धानेपुर थाने में पति द्वारा बिना पहली पत्नी को तलाक दिए दूसरी शादी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। विवरण के अनुसार, कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के भरहापारा गांव की रेहाना का निकाह धानेपुर थाना क्षेत्र के उज्जैनी कला के हाड़ापुरवा निवासी कादर खान के साथ तकरीबन दस साल पहले हुआ था। कुछ समय बाद पति समेत ससुराल वाले कम दहेज लाने को लेकर रेहाना पर तंज कसने लगे और अपने साथ रखने से इंकार कर दिया। पति ने तलाक भी नहीं दिया। रेहाना भविष्य में समझौता होने की उम्मीद में मायके में रहकर गुजर बसर करती रही। इस बीच उसे पता चला कि उसके पति ने दूसरा निकाह कर लिया है। यह जानकारी होने पर उसने धानेपुर थाने पहुंच कर शिकायत कराते हुए न्याय की गुहार लगायी है।
देवीपाटन मंडल में दो जुलाई तक होगी विद्युत कटौती
देवीपाटन मंडल के चारों जिलों गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती में 27 जून से दो जुलाई तक विद्युत कटौती की संभावना बनी हुई है। विद्युत पारेषण खण्ड अधिशाषी अभियंता के मुताबिक 220 केवी गोण्डा-बहराइच लाइन, 220 केवी उपकेन्द्र बलरामपुर पारेषण लाइन के लीलो पावर के इरेक्शन कार्य 27 जून से दो जुलाई तक चलेगा। 220 केवी बहराइच व 400 केवी गोंडा लाइन व 220 केवी बहराइच-सोहवल लाइन पर छह दिनों तक लगातार शटडाउन लिया जाएगा।
यह भी पढें : बहराइच-गोंडा-अयोध्या राजमार्ग के चौड़ीकरण में विलम्ब से DM नाराज
कलमकारों से ..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
