मेरठ । पहले खतौली सीट पर उप चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर ने अब अपने सुर बदल लिए हैं। चंद्रशेखर ने रालोद प्रत्याशी को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। इससे खतौली की चुनावी जंग बड़ी दिलचस्प होने के आसार है।
भीम आर्मी के संस्थापक और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने पहले खतौली विधानसभा के उप चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया था। भाजपा द्वारा राजकुमारी सैनी को प्रत्याशी घोषित करने के बाद चंद्रशेखर के सुर बदल गए हैं। चंद्रशेखर ने रालोद-सपा गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैया को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा कर दी है। मंगलवार को दिल्ली में चंद्रशेखर ने राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान ही चंद्रशेखर ने अपना समर्थन देने का लिखित पत्र दिया।
चंद्रशेखर का कहना है कि सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने के लिए आजाद समाज पार्टी ने खतौली सीट पर रालोद प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया है। आगे भी आजाद समाज पार्टी ने सपा और रालोद के साथ मिलकर प्रदेश सरकार के अन्यायपूर्ण रवैये के खिलाफ एकजुट होकर मजबूती के साथ संगठित होकर लड़ेंगे। समर्थन के लिए जयंत चौधरी ने चंद्रशेखर का आभार जताया।
कुलदीप
