आजमगढ़ (हि.स. )। सरकार के लाख प्रयास प्रयास के बाद भी हर्ष फायरिंग की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। ताजा मामला निजामाबाद थाना क्षेत्र के अहमदाबाद गांव का है, जहां बीती रात शादी समारोह में डीजे पर डांस के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी सोमवार की सुबह मौत हो गयी।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी संतोष यादव (29) के फूफा चंद्रजीत यादव की पुत्री की रविवार को शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए संतोष भी अपने फूफा के घर अहमदाबाद पहुंचा था। देर रात करीब नौ बजे द्वारपूजा का कार्यक्रम चल रहा था। उधर दूसरी तरफ बाराती डीजे पर डांस कर रहे थे। डीजे पर डांस के दौरान ही किसी ने हर्ष फायरिंग कर दिया। जिससे गोली वहां खड़े संतोष को लग गयी, जिससे वह लहुलुहान होकर गिर गया।
इस घटना के बाद बारात में भगदड़ मच गयी। परिवार के लोग गंभीर रूप से घायल संतोष को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन रात में ही शहर के एक निजी चिकित्सालय में संतोष को उपचार के लिए भर्ती कराये। जहां उपचार के दौरान उसकी सोमवार की सुबह मौत हो गयी। संतोष की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की छानबीन में जुट गयी है ।
