Wednesday, February 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआजमगढ़ में निर्वतमान प्रधान पुत्र को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गम्भीर

आजमगढ़ में निर्वतमान प्रधान पुत्र को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गम्भीर

आजमगढ़ (हि.स.)। रौनापार थाना क्षेत्र के देवारा खास राजा गांव में अज्ञात बदमाशों ने बीती रात चुनाव प्रचार से वापस लौट रहे निवर्तमान ग्राम प्रधान के पुत्र को गोली मार दी। घायल को उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है। 
रौनापार थाना क्षेत्र के देवारा खास राजा गांव की निवर्तमान प्रधान इंदिरा देवी का पुत्र आशीष यादव मंगलवार को चुनाव प्रचार के लिए गया हुआ था। मंगलवार की रात करीब साढ़े दस बजे वह घर वापस लौट रहा था। झंडे का पूरा गांव के समीप अज्ञात बदमाशों ने उसे गोली मार दी, जिससे वह लहुलूहान होकर गिर गया। गोली की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो आशीष को देखा और परिजनों को सूचना दी। 
आनन-फानन में गम्भीर रूप से घायल आशीष को परिजनों ने शहर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है। सूचना के बाद रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की पड़ताल में जुट गयी है। 
थानाध्यक्ष रौनापार तारकेश्वर राय ने बुधवार को बताया कि अभी तक घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने अभी तक तहरीर भी नहीं दी है। हालांकि घटना की छानबीन की जा रही और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular