आजमगढ़ (हि.स.)। सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली स्थित मिशन हास्पिटल के पीछे नदी किनारे स्थित मंदिर में शिव और गणेश प्रतिमा को बुधवार की दोपहर क्षतिग्रस्त होने से गांव में तनावपूर्ण की स्थिति बन गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। मौके से एक फावड़ा बरामद किया है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत करायी जायेगी ।
नरौली स्थित मिशन अस्पताल के पीछे तमसा नदी के किनारे मंदिर है, जिसमें भगवान शंकर और गणेश की प्रतिमा स्थापित है। बुधवार की दोपहर बाद नरौली का ही रहने वाला एक युवक मंदिर पहुंचा और फावड़े से दोनों प्रतिमा को क्षतिगस्त कर दिया। कुछ समय बाद जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे तो उन्होंने मंदिर में क्षतिग्रस्त प्रतिमा को देख अन्य ग्रामीणों को जानकारी देते हुए पुलिस को सूचित किया।
प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर स्थानीय पुलिस और अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने मंदिर से कुछ दूर पर एक युवक को हिरासत में लेकर उसके पास से फावड़ा बरामद किया है।
सीओ सदर राजेश ने बताया कि मंदिर में शिव और गणेश की प्रतिमा क्षतिग्रस्त हुई है। इस मामले में एक मानसिक विक्षिप्त युवक को हिरासत में लिया गया है। मंदिर समिति के लोगों से बातचीत हुई है। क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत करायी जायेगी, मौके पर कोई विवाद नहीं है। पूणतः शांति है।
