-सीआरपीएफ के जवान के घर पहुंच परिजनों की दी सांत्वना
– वर्ष 2024 में भाजपा को सभी सीटों पर है हराना तय
– नौ वर्षों में केन्द्र सरकार ने 5 काम भी ढंग से नहीं किए
आजमगढ़ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्टीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार को आजमगढ़ पहुंचे । इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से विफल है और वर्ष 2024 में उनकी पार्टी की पूरी कोशिश प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर भाजपा को हराने की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ला एंड आर्डर पूरी तरह से विफल है। आज पत्रकार, वकील के भेष में पुलिस अभिरक्षा में गोली मारी जा रही है। आजमगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने के संबंध में शिवपाल यादव ने कहा कि इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।
जनपद के रानी की सराय क्षेत्र के चडई गांव में सीआरपीएफ जवान परविंद यादव के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शिवपाल यादव ने कहा कि परविन्द यादव आतंकवादियों के हमले में शहीद हुए, इसलिए उन्हें शहीद का दर्जा मिलना चाहिए। पत्नी को नौकरी भी मिलनी चाहिए। उन्होंने भाजपा द्वारा केंद्र सरकार के 9 साल के अवसर पर चलाए जा रहे अभियान पर निशाना साधा। कहा कि यह केवल ठगने का काम किए हैं। 5 कार्य भी ढंग से नहीं किए हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पुलिस अभिरक्षा में पत्रकार और वकील के वेश में कोर्ट तक में हत्या हो जा रही है।
सरकार ने पत्रकारों और वकीलों को भी बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। भ्रष्टाचार, महंगाई और बिजली के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि सभी मुद्दों पर यह सरकार फेल है। लोगों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधा भी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश में सभी 80 सीटों पर समाजवादी पार्टी जीतेगी, इसके लिए सभी सेकुलर पार्टियों को एकजुट करने किया जा रहा है ताकि बीजेपी को हर सीट पर हराया जा सके।
आजमगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने की बात पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी का राष्टीय नेतृत्व तय करेगा। पार्टी का जैसा फैसला होगा, उसका पूरा सम्मान किया जायेगा। आजमगढ़ में एयरपोर्ट के मुद्दे पर बीजेपी नेताओं के बार-बार आरोप पर शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा हवाई अड्डा बनवाने की है ही नहीं । किसानों को नाराज कर यह लोग हवाई अड्डा बनाना चाहते हैं। किसानों को सही मुआवजा देकर सहमति बनाना इनकी जिम्मेदारी है।
राजीव/सियाराम/दीपक
