Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआजमगढ़ सीट तो हम धोखे में हार गए, मैनपुरी में नहीं गलेगी...

आजमगढ़ सीट तो हम धोखे में हार गए, मैनपुरी में नहीं गलेगी भाजपा की दालः अखिलेश यादव

मैनपुरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। उन्होंने शुक्रवार को पार्टी उम्मीदवार डिंपल यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। अखिलेश ने इस दौरान भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ सीट तो हम धोखे में हार गए, लेकिन मैनपुरी सीट के उपचुनाव में भाजपा की दाल नहीं गलेगी।

अखिलेश ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र की जनता कभी भाजपा के मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। भाजपा जानती है कि वह मैनपुरी सीट पर चुनाव नहीं जीतेगी। आजमगढ़ तो हम धोखे में हार गए थे, लेकिन यहां पर उनका मंसूबा कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने नेताजी मुलायम सिंह के संघर्षों की याद ताजा करते हुए उपस्थित लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हमारा मैनपुरी से रिश्ता नया नहीं है, यहां के लोगों ने ही नेताजी को बनाया था। यहां से नेताजी ने अपने राजनीतिक सफर का शुभारंभ किया था। यह उपचुनाव जनता का अपना चुनाव है। कार्यकर्ताओं से कहूंगा कि नेताजी की सीट पर भारी मतों से पार्टी की प्रत्याशी को विजयी बनाकर नेताजी को श्रद्धांजलि दें।

इससे पूर्व, अखिलेश यादव ने करहल के दिहुली में चौधरी नत्थू सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उनके साथ सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, विधानपरिषद सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्य सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि अखिलेश यादव के इस्तीफा देने के कारण आजमगढ़ लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार दिनेश लाल यादव “निरहुआ” ने जीत दर्ज की थी।

रोहित/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular