– कृषि मंत्री ने भाजपा उम्मीदवार के केन्द्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया
– केन्द्र व प्रदेश की सरकार ने किया है प्रदेश का विकास
आजमगढ़(हि.स.)। जिले के आजमगढ़ नगर पालिका परिषद से भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि हमारी केन्द्र व प्रदेश की सरकार ने विकास का काम किया है। उन्होंने उम्मीद जताई की भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित है और अब आजमगढ़ में डबल नहीं, बल्कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी और नगर का चौंमुखी विकास होगा।
भाजपा उम्मीदवार अभिषेक जायवाल उर्फ दीनू ने अपने आवास नगर के पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में केन्द्रीय कार्यालय खोला। बुधवार को केन्द्रीय कार्यालय का उद्घाटन प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, भाजपा उम्मीदवार मां व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा जायसवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर व विधि विधान से पूजा अर्चना कर किया।
इस दौरान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। अपराधियों पर सख्ती के साथ कार्रवाई की है। दंगा, माफिया व गुंडा से प्रदेश को मुक्त किया है। इसलिए जनता का अटूट विश्वास भाजपा पर है।
उन्होंने कहा कि पार्टी सुशासन व विकास का मुद्दा प्रमुख है। भाजपा ने प्रदेश के सभी जनपदों में एकल, सुनिश्चित व समिकृत विकास कर रही है। यही नहीं केन्द्र की मोदी सरकार ने भी विकास की योजनाओं की गंगा बहा रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए जाने के उद्देश्य से हमारी सरकार ने काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आजमगढ़ में अब डबल नहीं बल्कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी और अभिषेक जायसवाल उर्फ दीनू सभी कठिनाईयों का समाधान व रास्ता निकालेंगे और यहां के लोगों को बेहतर सुविधा देकर उनके जीवन को सुगम बनायेंगे।
राजीव/राजेश तिवारी
