Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआजमगढ़ : जहरीली शराब पीने से दो की मौत, दो हिरासत में

आजमगढ़ : जहरीली शराब पीने से दो की मौत, दो हिरासत में

आजमगढ (हि.स.)। अहरौला थाना क्षेत्र के सम्मसल्लीपुर गांव में जहरीली शराब पीने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में दो व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को शराब पीने वालों के घर-घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने का निर्देश दिया है।

बीते आठ नवम्बर की रात समसल्लीपुर गांव निवासी मंगरू व छोटेलाल राजभर ने गांव में चोरी से बिकने वाली जहरीली शराब खरीद कर उसको पिया। दूसरे दिन यानि की नौ नवम्बर को दोनों की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल भर्ती कराया। बुधवार को इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम राजेश कुमार व एसपी अनुराग आर्य के साथ आबकारी टीम गुरुवार को मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से जहरीली शराब का सैंपल इकठ्ठा कर जांच के लिए लैब भेज दिया।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देशित किया कि जिन लोगों ने भी जहरीली शराब का सेवन किया है उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया जाये। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शराब का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस मामले में दो व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसमें दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बीते मई माह में जिले के पवई व दीदारगंज थाना क्षेत्र में आठ लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गयी थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular