-अपने ग्राम सभा में लगवाएंगें मुलायम सिंह की प्रतिमा
-चाहत है कि अखिलेश यादव करें प्रतिमा का अनावरण
-अब तक करीब 250 महापुरुषों की बना चुके हैं प्रतिमा
आजमगढ (हि.स.)। देश के रक्षा मंत्री, प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के संरक्षक रहे मुलायम सिंह यादव को लोग अपने-अपने तरीके से श्रद्धांजलि दे रहे हैं। आजमगढ़ जिले के लालगंज तहसील के रहने वाले राजबली यादव ने मुलायम सिंह यादव की मानव कद की भव्य प्रतिमा बनाकर अपने ग्राम सभा में स्थापित करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना चाहते हैं। वहीं प्रतिमा को देखकर लोग राजबली के हुनर की तारीफ कर रहे हैं।
आजमगढ़ जिले को समाजवादी पार्टी का गढ़ कहा जाता है। ऐसे में अपने लोकप्रिय नेता को यहां के लोग भुला दें ऐसा हो ही नहीं सकता। ऐसा ही एक जुनून देखने को मिला आजमगढ़ जिले के लालगंज विधानसभा के रणमो गांव के राजबलि यादव में। वह दिन रात एक करके मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में लगे हैं। राजबली यादव के हाथों की कला का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नेताजी की प्रतिमा को देख लोग चौंक जा रहे हैं, मानो ऐसा प्रतीत हो रहा है कि नेता जी अब बोल ही देंगे। राजबलि यादव का कहना है कि उन्हें नेता जी की जीवनी पढ़कर उनके संघर्षाे से प्रेरणा मिली और फिर उनके निधन के बाद मन बनाया कि धरती पुत्र का प्रतिमा बनाकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करूंगा।
राजबली यादव की यह कहानी शुरू हुई वर्ष 1994 में जब वह अपने लेक्चरर भाई के साथ लखनऊ विश्वविद्यालय पहुंचे जहां गांधी जी प्रतिमा बनाई जा रही थी। राजबलि ने अपनी कला का ऐसा प्रदर्शन किया कि उस समय के तत्कालीन कुलपति ने राजबलि यादव को ओवरऐज होने के बावजूद युनिर्वसिटी में दाखिला दिला दिया। फिर यहीं से मूर्ति व प्रतिमा बनाने का सिलसिला शुरू हुआ जो आज तक जारी है। उन्होंने अबतक 250 महापुरुषों की प्रतिमाएं बना चुके हैं।
राजबली यादव का कहना है कि नेता जी की इस प्रतिमा को वह सपा मुखिया अखिलेश यादव को समर्पित करना चाहते हैं। वह चाहते हैं कि अखिलेश यादव खुद उनके ग्राम सभा में नेता जी प्रतिमा का अनावरण करें। खास बात यह कि राजबली की कलाकारी के कायल सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव के पुत्र व पुत्री भी हो गये हैं। अखिलेश यादव के पुत्र अर्जुन यादव, पुत्री टीना यादव के नाम से संचालित फेसबुक एकाउन्ट से नेता जी की इस प्रतिमा को शेयर किया गया है। अर्जुन यादव ने थैंक्स तो टीना यादव ने दादू लिखा है। फिलहाल राजबली यादव के नेता जी को श्रद्धांजलि देने के तरीके की पूरे जिले में सराहना हो रही है।
राजीव
