Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआचार संहिता : परेशान कर व्यापारियों का जब्त किया जा रहा रुपया

आचार संहिता : परेशान कर व्यापारियों का जब्त किया जा रहा रुपया

कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हो रहे विधान सभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लगी है। इसका नाजायद फायदा उठाया जा रहा है और व्यापारियों को चेकिंग के नाम पर परेशान किया जा रहा है। जो रुपया जब्त किया जा रहा है उसकी सही जानकारी नहीं दी जा रही है कि कहां पर दस्तावेज दिखाना है। इससे व्यापारियों का रुपया सील हो रहा है और व्यापारी परेशान हैं। यह बातें उद्योग एवं व्यापार की अग्रणी संस्था फीटा के महासचिव उमंग अग्रवाल ने जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा शर्मा से मुलाकात कर कही।

फीटा का एक प्रतिनिधिमंडल महासचिव उमंग अग्रवाल के नेतृत्व में जिलाधिकारी नेहा शर्मा से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने व्यापारियों और उद्यमियों के साथ चेकिंग के नाम पर अवैधानिक रूप से पैसे जब्त करने की बात रखी। इसके साथ ही व्यापारियों/उद्यमियों की बात न सुनने, उनकी किसी भी बात को न मानने, उनके प्रस्तुत दस्तावेज को संज्ञान न लेने और कैश संबंधित दस्तावेजों को मौके पर देने के बावजूद सीजर फर्द पर यह लिखना कि मौके पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया, आदि संबंधी उत्पीड़न के संबंध में सख्त शिकायत दर्ज कराई और सख्त विरोध प्रदर्शित किया।

उमंग ने कहा कि वे व्यापारी, जिनका पैसा व्यापारिक क्षेत्रों से निकलते ही टीमों द्वारा जब्त किया जाता है, उन्हें कोई भी संपर्क करने के लिए अधिकारी अपना कोई ब्यौरा नहीं देते हैं और यह भी नहीं बताते हैं कि अब उन्हें कहां जाना है और कहां से उनका पैसा छूटेगा। पुलिस द्वारा डरा धमका कर उनसे हस्ताक्षर भी करा लिया जाता है और उन्हें अपना ही पैसा वापस मिलने में बहुत परेशानी पैदा कर दी जाती है।

व्यापारियों ने यह भी बताया कि कोषागार पहुंचने पर सही जानकारी नहीं दी जाती है। वहां पर मौजूद लोगों द्वारा बाबुओं से अलग से मिलने की बात कही जाती है, जबकि व्यापारी का खून पसीने का पैसा होता है और वह कोई ना तो राजनीतिक दल से संबंध रखता है और ना ही कोई प्रचार कर रहा होता है और ना ही उस पैसे पर कोई भी प्राथमिकी दर्ज होती है। बावजूद इसके व्यापारियों को इनकम टैक्स आदि विभागों की नाम पर डराया जाता है जिससे उनका उत्पीड़न होता है।

उदाहरण के लिए जिलाधिकारी महोदय के समक्ष ऐसे मामले प्रस्तुत किए गए जिन पर उन्होंने तत्परता से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तथा जांच टीमों को भी निर्देश देने का भरोसा दिया। इस दौरान शेष नारायण त्रिवेदी, शिव कुमार गुप्ता, आसिम हक, सचिन, संदीप जाखोदिया, रोहित अरोरा, प्रवीण सुराणा, प्रफुल्ल दोसर आदि मौजूद रहें।

महमूद

RELATED ARTICLES

Most Popular