Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआगामी पांच सालों में डेटा का हब बनेगा भारत : प्रफुल्ल केतकर

आगामी पांच सालों में डेटा का हब बनेगा भारत : प्रफुल्ल केतकर

मेरठ (हि.स.)। ऑर्गनाइजर के संपादक प्रफुल्ल केतकर ने कहा कि आगामी 05 साल में भारत डेटा का हब बनेगा। डेटा को शस्त्र को रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। मीडिया को तय करना होगा सत्य को कब और कहां स्थापित करना है। मीडिया का उद्देश्य समाज और राष्ट्र हित होना चाहिए। ब्रेकिंग के चक्कर पर गलत दिखाने से समाज को नुकसान होगा। असत्य को कहना मर्डर के बराबर है और अर्द्धसत्य को कहना डबल मर्डर के बराबर।

विश्व संवाद केंद्र और चौधरी चरण सिंह विवि के तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नारद जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता ऑर्गनाइजर के संपादक प्रफुल्ल केतकर ने कहा कि संचार के बिना संवाद नहीं हो सकता है। तथ्यों और घटनास्थल पर मौजूद होकर जो संवाद होता है वह न्यूज होती है। मीडिया का उद्देश्य सत्य का प्रतिपादन होना चाहिए। कोई भी न्यूज फेक नहीं हो सकती है और जो फेक है वह न्यूज नहीं होती है। केवल नैरेटिव फेक होता है। समाचार और विचार में भेद करना मुश्किल है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरएसएस के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख आलोक कुमार ने कहा कि हर विषय में भारतीय ज्ञान परम्परा का मूल तत्व है। किसी भी विषय चाहे व विज्ञान हो, चिकित्सा हो या फिर कुछ अन्य भारतीय ज्ञान परम्परा में सर्वत्र व्याप्त है। कोई भी काम यदि किया जाता है तो उसका कोई न कोई आदर्श होता है। समाचारों का संवाद नारद जी ने ही शुरू किया था। नारद जी सर्वत्र विश्वसनीय थे। संवाद समाचार के आद्य संवाददाता नारद जी ही थे। नारद जी आदर्श पत्रकार पहले भी थे आज भी है और आगे भी रहेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाई विमला ने कहा कि वर्तमान में मीडिया के कई प्रकार हो गए हैं। आद्य पत्रकार नारद विश्वसनीयता के साथ समाचार देते थे, लेकिन उनके विषय में गलत धारणा बनाने का प्रयास किया गया। भारतीय संस्कृति और साहित्य को विश्व ने फिर से स्वीकारना शुरू किया है। संवाद से लोग जुड़ते हैं, संवाद के रूप अनेक हो सकते हैं। खबरों में नकारात्मकता को न आने दें। तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के निदेशक प्रो. प्रशांत कुमार ने स्वागत उदबोधन किया। जबकि विश्व संवाद केंद्र न्यास के अध्यक्ष श्याम बिहारी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन बीनम यादव ने किया। इस दौरान पांच पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular