कानपुर (हि.स.)। आगामी पांच दिनों तक आसमान में मध्यम बादलों की आवाजाही बने रहने के आसार है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बारिश की संभावना बहुत कम है। यह जानकारी सोमवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने दी।
उन्होंने बताया कि सोमवार दिन में अधिकतम 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 80 प्रतिशत और सापेक्ष आर्द्रता न्यूनतम 62 प्रतिशत दर्ज किया गया। हवा की औसत गति 3.9 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवा की दिशा उत्तर पूर्व रही।
डॉ. पांडेय ने बताया कि अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण आज, 25 सितम्बर को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून वापस चला गया है। दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। आंतरिक ओडिशा और आसपास के क्षेत्र पर चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 3.1 और 7.6 किमी के बीच ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिणी गुजरात और दूसरा मध्य महाराष्ट्र पर है।
राम बहादुर/दीपक/सियाराम
