Monday, February 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआगामी उप्र विधानसभा चुनाव में बसपा का चुनाव चिन्ह होगा हाथी की...

आगामी उप्र विधानसभा चुनाव में बसपा का चुनाव चिन्ह होगा हाथी की सूंड में कमल का फूल – संजय सिंह

भाजपा की बी टीम की तरह काम कर रही बसपा

बाराबंकी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 2022 के उप्र विधानसभा चुनाव में मायावती का चुनाव चिन्ह हाथी की सूंड में कमल का फूल होने जा रहा है। भाजपा और बसपा दोनों ही पार्टियां एक हैं, इसलिए हमें किसी भी भ्रम में नहीं रहना चाहिए। यह भी आरोप लगाया कि मायावती पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी की बी टीम की तरह काम कर रही है। इसलिए उन्हें कभी भी भाजपा का विरोध करते हुए नहीं देखा जाता है।

संजय सिंह जनपद में आयोजित सदस्यता अभियान के कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। बीते दिनों समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात को लेकर श्री सिंह ने कहा कि वह मुलाकात सिर्फ उन्हें जन्मदिन की बधाई देने के लिए की गई थी। अभी फिलहाल समाजवादी पार्टी से गठबंधन को लेकर कोई बात नहीं हुई है, अगर भविष्य में ऐसा कुछ होता है तो उसकी जानकारी जरूर दी जाएगी।

बिकरुकांड के मुद्दे को आप ने उठाया

संजय सिंह ने बिकरु कांड में मुख्य आरोपी विकास दुबे के शूटर अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि खुशी दुबे का मामला अब बहुजन समाज पार्टी उठा रही है। जबकि आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे को काफी पहले उठाया था और इसे लेकर एक चिट्ठी भी लिखी थी। उन्होंने पूछा कि खुशी दुबे का क्या अपराध है यह सरकार बताए।

उन्होंने कहा कि कानपुर के बिकरु कांड से केवल तीन दिन पहले ही खुशी दुबे की शादी हुई थी। रेखा अग्निहोत्री जो विकास दुबे के घर काम करती थी। अमर दुबे की मां शांति दुबे और एक अन्य महिला क्षमा दुबे, इन चारों महिलाओं के साथ एक बच्चे का नाम विकास दुबे कांड में लिखी गई। सबसे पहली एफआईआर में नहीं थे। लेकिन प्रतिशोध और नफरत की राजनीति के चलते उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जाति विशेष को निशाना बनाया और प्रदेश में अब तक पांच सौ से ज्यादा ब्राह्मणों के खिलाफ गलत कार्रवाई की है।

वे योगी सरकार से मांग करते है कि खुशी दुबे के साथ उन चारों महिलाओं की तत्काल रिहाई होनी चाहिए। जिन्हें बिकरू कांड में एक साल से बंद किया गया है। साथ ही जो मनगढ़ंत केस बनाकर चार्जशीट फाइल की गई है उसे तत्काल वापस लेना चाहिए।

खबरें दिखाने की सजा पत्रकारों को मिल रही

हाल दिनों में दो प्रतिष्ठित मीडिया घराने में आयकर के छापे को लेकर श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में सरकार के खिलाफ खबरें लिखने और खबरें दिखाने की सजा पत्रकारों को मिल रही है। सरकार ऐसे पत्रकारों के कार्यालय और घरों पर छापेमारी करवा रही है। यह आपातकाल के बाद ऐसी पहली घटना है, जो काफी निंदनीय है।

आगे कहा कि देश में मंहगाई से जनता त्रस्त है और सरकार लोगों की जासूसी कराने में व्यस्त है। हजारों लोगों की जासूसी हुई है, जिसमें करोड़ों रुपये सरकार ने खर्च किया है। इसी पैसे से जब लोग कोरोना से मर रहे थे, तो उनका इलाज करवाया जा सकता था।

एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी अपना सदस्यता अभियान चला रही है और संगठन को मजबूत कर रही है। इसको लेकर श्री सिंह ने कहा कि आप ने अगले एक महीने में एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। यह पूरा अभियान 08 जुलाई से शुरू हुआ था और 08 अगस्त तक चलेगा। कहा कि आम आदमी पार्टी का लक्ष्य हर विधानसभा में 25 हजार सदस्यों को बनाने का है और उन्हें विश्वास है कि बाराबंकी की भी हर विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के 25 हजार सदस्य बनेंगे। उन्होंने यूपी की सभी विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों को उतारने को लेकर कोई साफ जवाब नहीं दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular