– साढ़े नौ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद रेस्क्यू टीम को मिली सफलता
आगरा (हि.स.)। जनपद के एक गांव में सोमवार को 130 फीट गहरे बोरवेल में गिरे तीन साल के मासूम बच्चें को आखिरकार एनडीआरएफ और सेना ने कड़ी मेहनत के बाद बचा लिया। मासूम 95 फीट पर बोरबेल में अटका हुआ था। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को करने में करीब साढ़े नौ घंटे का समय लगा है। शिवा के बोरवेल के गड्ढे से बाहर निकलते ही गांव में खुशी का माहौल छा गया और सभी सेना व एनडीआरएफ के बेहतर कार्य की सरहना कर रहे थे।
दरअसल, थाना निबोहरा के ग्राम धरियाई में सोमवार की सुबह खेलते वक्त छोटे लाल का तीन वर्षीय बेटा शिवा घर के बाहर बने सबमर्सिवल के बोरवेल में गिर गया था। इसकी जानकारी होने पर पूरे गांव में रोना-पीटना मच गया और लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर एसपी ग्रामीण व स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
घटना की जानकारी पर एनडीआरएफ, सेना और जेसीबी को बुलाकर बोरवेल में गिरे बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही। जिलाधिकारी पल-पल की खबर अधिकारियों से लेते रहें। करीब साढ़े नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शिवा को सकुशल बाहर निकाल लिया। बोरवेल से निकालकर सबसे पहले उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। फिलहाल बच्चा चिकित्सकों की देखरेख में हैं।
सेना व एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
बच्चें को बचाने के लिए पहले स्थानीय जिला प्रशासन, पुलिस और ग्रामीण लोग जुटे रहे। जब मामला उनके हाथ से निकलता हुआ दिखा तो फौरन मदद के लिए सेना व एनडीआरएफ को बुलाया। ग्रामीणों के मुताबिक सेना की टीम करीब सुबह साढ़े ग्यारह बजे पहुंची।और फौरन बचाव काम शुरू कर दिया। बोरवेल के ठीक सामने तकरीबन 100 फीट की दूरी पर एक गड्ढा खोदकर सुरंग बनाई। इसके बाद रेस्क्यू कर बच्चे को बोरवेल से बाहर निकाल लिया गया।
परिवार की लापरवाही से मौत के मुहाने तक पहुंचा शिवा
धरियाई गांव में रहने वाला किसान छोटेलाल के घर के सामने ही खेतों की सिंचाई के लिए सबमर्सिवल लगा हुआ है। पिछले दिनों सबमर्सिवल खराब हो गई थी। परिवार ने दो दिन पहले इसमें से पाइप खिंचवाकर बोरवेल को खुला छोड़ दिया था जिसमें खेलते-खेलते छोटेलाल का बेटा शिवा गिर गया।
