आगरा(हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले आगरा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दो बड़ी सफलताओं को अपने नाम कर लिया है। चुनाव से पहले आगरा पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों से शराब और अवैध हथियारों का जखीरा पकड़ा है।
पहली सफलता थाना अछनेरा पुलिस को मिली। जिन्होंने कंटेनर से सप्लाई के लिए जा रही “रेड वाइन-वाइट वाइन” की 49 पेटियों को पकड़ा है। एक अनुमान के मुताबिक इन पेटियों की कीमत करीबन 15 लाख रूपये बताई जा रही है। थाना अछनेरा पुलिस ने शराब की इस बड़ी खेप को दक्षिणी बाईपास के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा। अंदाजा लगाया जा रहा है कि शराब की इतनी बड़ी खेप का इस्तेमाल चुनाव से पहले मतदाताओं को लुभाने के लिए किया जाना था। पुलिस अभी इन पेटियों को हिरासत में लेने के बाद मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
दूसरी सफलता में थाना न्यू आगरा क्षेत्र के मऊ गांव के पास बने जंगलों में पुलिस को हथियारों का एक बड़ा जखीरा मिला है। पुलिस ने 03 लोगों को भी गिरफ्तार किया है। इस मामले एसएसपी सुधीर कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि जंगलों में हथियारों के जखीरे की जानकारी मिलने के बाद देर रात छापेमारी की गयी थी। छापेमारी के पश्चात पुलिस को वहां से बड़ी संख्या में हथियार और हथियार बनाने का सामान बरामद किया है। घटना स्थल से पुलिस ने सलीम खान पुत्र लियाकत अली, आकाश पुत्र श्याम और अब्दुल सलाम पुत्र शमशेर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अभी जांच पड़ताल में जुटी हुई है कि कही इनका इस्तेमाल चुनाव में उपद्रव मचाने के लिए तो नहीं किया जाना था।
श्रीकांत
