कन्नौज (हि.स.)। सौरिख थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक यात्रियों से भरी बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवती की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हैं। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि यह हादसा सौरिख थाना क्षेत्र स्थित आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 148 के पास हुआ है। जगदम्बा ट्रैवल की बस यात्रियों को लेकर गोरखपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। चालक के तेज रफ्तार बस पर नियंत्रण खोने से डिवाइडर से टकरा कर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में जनपद देवरिया के कुठरी गांव निवासी रामदयाल की पुत्री प्रियंका (24) की मौत खबर आ रही है जबकि 20 से अधिक लोग घायल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने गम्भीर घायलों को इटावा जिले के सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। मामूली चोटिल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार कराकर उनके गतंव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया गया है। किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ है, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
दीपक/दिलीप
