फिरोजाबाद (हि.स.)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शनिवार को थाना नसीरपुर क्षेत्र अन्तर्गत एक टूरिस्ट बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस में सवार छह यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए यूपीडा की एंबुलेंस से सैफई अस्पताल भिजवाया गया है। हादसे के वक्त बस दिल्ली से कानपुर जा रही थी।
सिरसागंज के क्षेत्राधिकारी प्रवीण तिवारी ने बताया कि घटना नसीरपुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 56.700 के पास हुई है। पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिये सूचना मिली कि एक टूरिस्ट स्लीपर बस, जो कि दिल्ली से सवारियां लेकर कानपुर की तरफ जा रही थी। गाड़ी को गौरव नामक चालक चला रहा था और परिचालक साथ में बैठा था। बस में लगभग 50 सवारियां मौजूद थी।
सीओ ने बताया कि संभवतः चालक को झपकी आ जाने की वजह से स्लीपर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रक से टकरा गई। हादसे की जानकारी मिलने पर यूपीडा की टीम और थाना नसीरपुर के अलावा सीओ सर्किल का फोर्स मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को एम्बुलेंस के जरिये सैफई अस्पताल भेजा।
सीओ प्रवीण तिवारी ने बताया कि दुर्घटना में जो यात्री घायल हुए हैं उनमें लईक अहमद निवासी कानपुर देहात, गौरव निवासी दिल्ली, योगीराज निवासी इटावा, शबाना, आयात निवासी हमीरपुर एवं एक व्यक्ति अज्ञात हैं। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बस को एक्सप्रेस वे से हटवाकर यातायात को सुचारू करा दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बस के जो यात्री थे उन्हें दूसरे वाहन से गंतव्यों के लिए रवाना किया गया है।
कौशल/मोहित
