आगरा(हि.स.)। आगरा राजामंडी स्टेशन पर बने मंदिर को हटाए जाने को लेकर हिंदूवादी और रेलवे आमने-सामने आ चुके हैं। रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे की जमीन पर बने मंदिर को हटाए जाने का फैसला लिया है। रेलवे के इस फैसले से नाराज हो मंदिर महंत और हिंदूवादियों ने मंदिर को हटाए जाने पर आंदोलन किये जाने का फैसला लिया है।
आगरा के राजा मंडी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर चामुंडा देवी का मंदिर है। रेलवे डीआरएम आनंद स्वरूप द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार मंदिर का 600 वर्ग मीटर निर्माण रेलवे की भूमि पर है। इसमें 72 मीटर का क्षेत्र सीधे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर है। रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा की दृष्टि से 72 वर्ग मीटर के क्षेत्र को खाली कराये जाने की बात की गयी थी।
इस सिलसिले में रेलवे ने 12 अप्रैल को मंदिर हटाने के लिए नोटिस चस्पा किया था। लेकिन रेलवे द्वारा चस्पा किये गए नोटिस का मंदिर महंत और हिंदूवादी संगठनों ने जमकर विरोध किया। रेलवे द्वारा लिए गए इस निर्णय के विषय में मंदिर महंत और हिंदूवादी संगठन रेलवे डीआरएम आनंद स्वरूप से भी मिले थे। लेकिन रेलवे द्वारा अपने फैसले पर अडिग होने के बाद मंदिर महंत और हिंदूवादियों ने मंदिर हटाने पर आंदोलन करने का फैसला लिया है। इस मामले में रेलवे द्वारा मंदिर न हटाए जाने की स्थिति में राजा मंडी रेलवे स्टेशन को बंद करने की बात भी कह दी है।
श्रीकांत
