Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआगरा में हुआ राष्ट्रीय लोकदल की न्याय यात्रा का समापन

आगरा में हुआ राष्ट्रीय लोकदल की न्याय यात्रा का समापन

मेरठ (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल की न्याय यात्रा का रविवार को आगरा में समापन हुआ। यात्रा के समापन में अपने संदेश में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कांशीराम की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी कांशीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए आगे आए और अपनी अहम भूमिका अदा करें।

रालोद के राष्ट्रीय मीडिया कॉर्डिनेटर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि रालोद के एससी-एसटी विंग के अध्यक्ष प्रशांत कन्नौजिया के नेतृत्व में प्रदेश के गांव-गांव में घूमकर न्याय यात्रा निकाली गई। रविवार को इस यात्रा का आगरा में समापन हुआ। न्याय यात्रा के समापन पर रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने अपने संदेश में बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर उनके जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने वंचित दलित समाज या पिछड़े वर्ग के लोगों को संगठित कर उनको राजनीतिक आवाज दी। वे अब हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनकी प्रेरणा से दलितों, वंचितों और पिछड़े वर्ग के लोगों को राजनीतिक हक दिलाने के लिए लोकदल के कार्यकर्ता पूरे जी-जान से जुटे हैं।

रालोद अध्यक्ष ने कहा कि कांशीराम की स्मृति में रालोद अपने संकल्प पत्र में एक बड़ी योजना शामिल करने जा रहा है। शहरी व असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विशेष योजना लाएंगे, जो उन्हें सुरक्षा कवच प्रदान करेंगी। रालोद के राष्ट्रीय मीडिया कॉर्डिनेटर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि घोषित योजना से शहरी क्षेत्र के मजदूरों को सुनिश्चित रोजगार की गारंटी मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular