आगरा (हि.स.)। आगरा जिले के लोहामंडी थाना क्षेत्र के मोतीमहल क्षेत्र में स्थित सेवा भारती के अध्ययन केंद्र पर कुछ असामाजिक तत्वों ने रविवार देर रात को हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में सोमवार को 10 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, लोहामंडी के मोतीमहल इलाके में सेवा भारती द्वारा संचालित डॉ. हेडगेवार अध्ययन केंद्र है। इस केंद्र पर कुछ कार्यकर्ता रहते हैं। कार्यकर्ताओं के अनुसार केंद्र के समीप कुछ लोग रोज रात को गाली-गलौच करते हैं। मांस-शराब आदि खाते पीते हैं। रविवार की देर रात को भी वही लोग यहां आकर गली-गलौच कर रहे थे। मना करने पर वे कुछ देर के लिए वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद वे लोग कम से कम 60 की संख्या में पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया। इसमें दोनों पक्षों से कई लोग जख्मी हुए हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं की तहरीर पर पुलिस ने 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं मौके पर पहुंचे एसएसपी ने इस घटना में शामिल लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्यवाही की बात कही है।
श्रीकांत
