Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआगरा में बनना चाहिए शिवाजी महाराज की स्मृति में स्मारक : सुधीर...

आगरा में बनना चाहिए शिवाजी महाराज की स्मृति में स्मारक : सुधीर मुनगंटीवार

लखनऊ (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व, वित्त, वन एवं नियोजन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार का गुरूवार को लखनऊ पहुंचने पर होटल गोमती में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करने हुए उन्होंने कहा कि आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज की स्मृति में एक भव्य स्मारक बनना चाहिए।

भाजपा नेता व महाराष्ट्र के पूर्व वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज को तत्कालीन मुगल सम्राट औरंगजेब ने छलकपट से आगरा में बन्दी बना लिया था। औरंगजेब की चौक चौबंद व्यवस्था की आंखों में धूल झोंककर जिस प्रकार वह निकल गये वह उनके साहस, शौर्य, चतुराई एवं सफल कार्ययोजना का दूसरा उदाहरण नहीं मिलता। छत्रपति शिवाजी महाराज के इस विलक्षण अध्याय को आने वाली पीढ़ियों तक प्रेरणा बनाने के लिए आगरा में एक स्मारक बनाना आवश्यक है।

बताया कि आगरा का कोठी मीना बाजार एक प्राइवेट ट्रस्ट वृन्दावन ट्रस्ट के स्वामित्व में है। उत्तर प्रदेश सरकार इसको क्रय कर इसे विकसित करने की योजना बना रही है। आगरा जिलाधिकारी द्वारा उस कोठी की कीमत वर्तमान सर्किल रेट से लगभग 8.5 करोड़ रूपये आंकी गयी है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी के निर्देश पर पर्यटन विभाग से प्रस्ताव उत्तर प्रदेश के वित्त विभाग में भेजा जा चुका है।

सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि यूपी सरकार जिस सम्पत्ति को छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रेरणा स्थल बनाने के लिए क्रय करेगी उसको विकसित करने उसे आकर्षक पर्यटन स्थल बनाने में महाराष्ट्र सरकार यथासंभव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि हम केन्द्र सरकार के पर्यटन विभाग से स्मारक स्थल को विकसित करने के लिए यथासंभव सहयोग करने का प्रयत्न भी करेंगे।

इस मौके पर आयुष विभाग उत्तर प्रदेश के सलाहकार प्रकाश मिश्रा, आगरा दक्षिण से भाजपा विधायक योगेन्द्र उपाध्याय,भाजपा नेता राम निवास यादव, स्वच्छ भारत मिशन के सह संयोजक सुनील मिश्रा व स्थानीय पार्षद नागेन्द्र सिंह चौहान ने सुधीर मुनगंटीवार का भव्य स्वागत किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular