Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआगरा में पुलिस के युवक की हत्या मामले में कांग्रेसियों ने किया...

आगरा में पुलिस के युवक की हत्या मामले में कांग्रेसियों ने किया अम्बेडकर प्रतिमा पर उपवास

मृतक परिवार को प्रियंका गांधी द्वारा 30 लाख रुपये की दी गई आर्थिक सहायता

कानपुर (हि.स.)। आगरा में पुलिस कस्टडी में दलित युवक की हत्या के आरोप मामले में गुरूवार को शहर कांग्रेस कमेटी कानपुर दक्षिण की अगुवाई कांग्रेसियों ने सामूहिक उपवास किया। राजा पुरवा स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर उपवास पर बैठे कार्यकर्ताओं ने हाथ में काली पट्टी बांधकर, काले झंडे लेकर व हाथ में तख्तियां लेकर विरोध जताया। तख्तियों पर योगी पुलिस मुर्दाबाद, दलित विरोधी योगी सरकार, दलित हत्यारी पुलिस मुर्दाबाद और हत्यारों को फांसी दो, जैसे स्लोगन लिखे थे।

उपवास के बाद पत्रकारों से बात करते हुए दक्षिण के अध्यक्ष डॉ शैलेंद्र दीक्षित ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार में पुलिस हत्यारी बन चुकी है। अभी गोरखपुर में पुलिस द्वारा कानपुर के एक व्यापारी की हत्या का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि आगरा में पुलिस कस्टडी में निर्बल दलित युवक की निर्मम हत्या से प्रदेश का आम नागरिक सहमा हुआ है। योगी की सरकार में रक्षक ही भक्षक बन बैठे हैं, अब आम जनमानस का पुलिसिया प्रणाली से विश्वास खत्म हो गया है।

डा. दीक्षित ने कहा कि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जहां पूरा देश महर्षि बाल्मीकि की आराधना में व्यस्त था उसी समय उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा थाने के अंदर दलित युवक की हत्या एक चिंता का विषय है। क्या योगी सरकार हत्यारे हो चुके पुलिस वालों को उनके गुनाह की सजा दिला पाएगी, इसमें संदेह है।

डा. दीक्षित ने मृतक के परिजनों को 50 लाख रूपये की आर्थिक सहायता और दोषी पुलिसकर्मियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार को तय करना चाहिए कि प्रदेश के अन्दर भविष्य में पुलिस द्वारा ऐसी घटना को अंजाम ना दिया जाए। कार्यक्रम का संयोजन विजय सिंह मंकु और विवेक सिंह ने किया। कांग्रेसजनों ने प्रियंका गांधी द्वारा पीड़िता परिवार को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और कानूनी सहायता दिये जाने पर उनको धन्यवाद ज्ञापित किया।

उपवास में विनोद सिंह, टिल्लू ठाकुर, उषा रानी कोरी, हरिकिशन भारतीय, डॉ आर के जगत, सरिता सेंगर, प्रवीन द्विवेदी, अमित मिश्रा, रजनी सेंगर, काजल शर्मा, बी के सिंह, कुणाल सिंह, छोटे खान, हर्षित सिंह, जवाहर शर्मा, अजय तिवारी, लईक अहमद आदि लोग मौजूद रहें।

RELATED ARTICLES

Most Popular