Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआगरा में पाकिस्तान समर्थित नारेबाजी करने वालों पर शिकंजा, पांच गिरफ्तार

आगरा में पाकिस्तान समर्थित नारेबाजी करने वालों पर शिकंजा, पांच गिरफ्तार

आगरा (हि.स.)। आगरा में शुक्रवार पुलिस ने समाजवादी पार्टी के जुलूस में पाकिस्तान समर्थित नारेबाजी करने वालों पर शिकंजा कसा है। मामले में थाना नाई की मंडी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इनमें नामजद पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

थाना नाई की मंडी के प्रभारी निरीक्षक शाह नजर अहमद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सुल्तानगंज पुलिया निवासी पंकज सिंह, आरिफ खान, दीपक, मधुकर और चंद्र प्रकाश शामिल हैं। 20-25 अज्ञात लोग हैं। उनको चिन्हित किया जा रहा है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा महामारी अधिनियम, धार्मिक भावनाओं को भड़काने, धारा 144 के उल्लंघन सहित अन्य में दर्ज किया गया है।

एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। नारे लगाने में जो भी शामिल होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है।

गुरुवार को सुबह करीब 10.30 बजे सपा महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने मंहगाई के विरोध में जुलूस निकाला था। ये लोग पैदल मार्च करते हुए ज्ञापन देने सदर तहसील जा रहे थे। रास्ते में जुलूस में शामिल एक युवक ने पहले अखिलेश यादव जिंदाबाद और फिर पाकिस्तान समर्थित नारे लगाए।

मंहगाई के विरोध में निकाले गए जुलूस में पाक समर्थित नारेबाजी होने पर सपा अपना बचाव करने में जुटी है। सपा महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार ने कहा कि उन्हें नहीं मालूम नारे किसने लगाए। सपा देशद्रोह का कभी समर्थन नहीं करती। यह हमारे आंदोलन को भटकाने और बदनाम करने की साजिश है।

RELATED ARTICLES

Most Popular