आगरा (हि.स.)। दो महिलाओं ने सर्राफ पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में सर्राफ द्वारा महिलाओं पर दुकान में घुस मारपीट और गली-गलौज करने और किसी के द्वारा साजिशन उन्हें बदनाम करने की बात कही है।
आगरा के थाना कोतवाली अंतर्गत फव्वारा सेब का बाजार में महेंद्र राजपूत की दुर्गा ज्वेलर्स नाम से दुकान है। इस मामले में सर्राफ द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार बीती 14 मई को दो महिलाएं दोपहर के समय में उनकी दुकान पर खरीदारी करने आयी थी। दोनों ही महिलाएं उनकी दुकान से 2700 रूपये कीमत का चांदी का सामान खरीद कर ले कर गयी थीं। उसी रात करीबन आठ बजे शाम को दोनों महिलाएं फिर दुकान में आयी और चांदी की पायल के कटे होने की बात कहकर सामान को वापस करने की बात करने लगी। हमारे द्वारा सामान वापस न लेने की स्थिति में दोनों महिलाओं ने दुकान पर हंगामा शुरू कर दिया और काउंटर में घुस मारपीट और गाली-गलौज करने लगीं। इस मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों महिलाओं को थाने लेकर गयी लेकिन दोनों ही महिलाओं को बिना किसी कार्यवाही के छोड़ दिया गया।
इस मामले को रफा दफा करने को लेकर जब आज सर्राफ थाने गया तो उन्ही दोनों महिलाओं ने सर्राफ पर छेड़छाड़ और एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है। सर्राफ ने साजिशन उन्हें बदनाम करने की बात कही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस द्वारा जांच कर कार्यवाही किये जाने की बात कही जा रही है।
श्रीकांत
