– बस की टक्कर से मंदिर पूरी तरह हुआ ध्वस्त
आगरा (हि.स.)। थाना शाहगंज क्षेत्र के ईदगाह बस स्टैंड चौराहा पर स्थिति मंदिर में मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रैवल्स बस जा घुसी। जिसने मंदिर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। गनीमत रही कि मंदिर में बैठा महंत किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग निकला।
महंत ने बस के ड्राइवर पर नशे में होने के आरोप लगाए। इस घटना से गुस्साए हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों ने मंदिर के सामने ही धरने पर बैठ गए और जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पुलिस पहुंची और हिंदू भाइयों को समझा करो किसी तरह जाम खुलवाया।
घटना आज सुबह की है जैन ट्रेवल्स की बस राजस्थान से यात्रियों को लेकर आ रही थी। तेज गति में होने के कारण अनियंत्रित हो गई और शेरावाली मां के मंदिर में जा घुसी। भिड़ंत इतनी तेज थी कि मंदिर पूरी तरह टूट गया और बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि मंदिर के महंत किसी तरह भागकर बच निकलें और यात्री भी पूरी तरह सुरक्षित है।
मंदिर के टूटने की सूचना पर हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट और जिला अध्यक्ष रौनक ठाकुर के नेतृत्व में दर्जनों हिंदूवादी वहां पहुंच गए और मंदिर के सामने बैठकर ईदगाह चौराहे पर जाम लगा दिया। जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जाम की सूचना पर सराय ख्वाजा पुलिस चौकी की पुलिस ने वहां पहुंचकर बस चालक कैलाश गिरफ्तार कर बस को कब्जे में ले लिया। उसके बाद हिंदूवादियों को विधिक कार्यवाही का भरोसा दिया और समझा-बुझाकर कर जाम को खुलवाया।
मंदिर के महंत शेर सिंह ने बताया कि बस का चालक पूरी तरह नशे में धुत था। इसलिए वह बस पर नियंत्रण नहीं कर सका। इसके संबंध में बस चालक के खिलाफ तहरीर दे दी है।
