आगरा (हि.स.)। थाना सदर क्षेत्र के रोहता नहर रोड पर गुरुवार को चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें बैंक डकैती में शामिल 50 हजार के इनामी बदमाश नरेंद्र पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे पकड़ कर पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं उसके साथ दूसरा बदमाश भागने में सफल रहा।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि आज रोहता नहर पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी दो बाइक सवार वहां से गुजर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं रुके। इसी बीच बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इधर पुलिस की जवाबी कार्यवाही में एक बदमाश नरेंद्र के पैर में गोली लग गई और घायल होकर जमीन पर गिर गया। वहीं दूसरा बदमाश भागने में सफल रहा। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घायल बदमाश से जब पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम नरेंद्र बताया। जो पिछले दिनों इंडियन ओवरसीज बैंक में हुई 57 लाख रूपये की लूट में शामिल था। इसके ऊपर 50 हजार रूपये का इनाम भी घोषित था। इसके पास से बैंक से लूटे गए रुपयों में से लगभग सात लाख रूपये, एक अवैध तमंचा, कुछ मोहर और कागजात के साथ एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
