आगरा (हि.स.)। आगरा मलपुरा के गांव अभयपुरा में रविवार देर रात चोरों ने किसान के घर को निशाना बनाया। चोर घर से लाखों के आभूषण और नकदी ले गए। चोरी करने से पहले चोरों ने बाहर से कुंडी लगा दी थी। रात करीबन डेढ़ बजे किसान का बेटा जागा तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर इलाका पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
आगरा के मलपुरा के गांव अभयपुरा निवासी शिवराम किसान हैं। उनकी खेरिया मोड़ पर मार्केट भी है और वह ब्याज का काम भी करते हैं। शिवकुमार के घर पर देर रात करीबन डेढ़ बजे चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। शिवराम द्वारा पुलिस को दी गयी जानकारी के अनुसार रोजाना की भांति रविवार की रात वह घर के बाहर सो रहे थे। रात करीब 1:30 बजे बेटा ब्रजकिशोर लघुशंका करने के लिए उठा तो उसके और अन्य लोगों के कमरों के दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी हुई थी। बेटे ने उनको फोन करके जगाया। मैंने दरवाजे की कुंडी को खोल कर दूसरे कमरे में देखा तो वहां सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था।
सूचना पर सीओ अछनेरा राजीव सिरोही थाना मलपुरा का फोर्स मौके पर पहुंचे। परिजनों द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार चोर घर में रस्सी के सहारे अंदर आये थे। चोर घर से करीबन तीन लाख कैश तथा 9 मई को घर में हुई शादी का सामान आभूषण ले गए हैं। चोर करीबन 50 लाख का सामान ले गए हैं। पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वाड को बुलाया फॉरेंसिक विभाग की टीम भी पहुंच गई। फॉरेंसिक विभाग की टीम ने मौके से साक्ष्य भी जुटाए हैं। सीओ अछनेरा राजीव सिरोही का कहना है इस संबंध में किसान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश की जा रही है अधिकारियों ने टीम का गठन भी कर लिया है।
श्रीकांत
