आगरा (हि.स.)। एसएन मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर्स द्वारा किये जा रहे कार्य बहिष्कार को वापस लेने के बाद अब शुक्रवार से ओपीडी सेवाएं शुरू हो गई हैं। जिसके बाद अब वहां आने वाले मरीज़ों को इस बहिष्कार से हो रही दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
आगरा के एसएन (सरोजिनी नायडू) मेडिकल कॉलेज में नीट पीजी की काउंसलिंग न कराये जाने के चलते जूनियर डॉक्टर्स द्वारा 27 नवम्बर से धीरे-धीरे कार्य का बहिष्कार किया जा रहा था और 08 दिसम्बर को उनके द्वारा पूर्ण कार्य बहिष्कार कर दिया गया था जिसके चलते आगरा और आस-पास के जिलों से आने वाले मरीज़ों को क़ाफी दिक्कतों का सामना कर पड़ रहा था।
गुरुवार को फेडरेशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) के कहने पर जूनियर डॉक्टर्स द्वारा कार्य बहिष्कार को वापस ले लिया गया और शाम से ही जूनियर डॉक्टरों ने आईपीडी (वार्डोँ में भर्ती मरीजों), इमरजेंसी, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर में मरीज़ों को देखना शुरू कर दिया था। जिसके बाद अब शुक्रवार से ओपीडी में मरीजों को भी देखना शुरू कर दिया है।
फेडरेशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. अनुपम सिंह यादव ने कहा कि जूनियर डॉक्टर्स के लिए इस बेरुखी के चलते हमें कार्य बहिष्कार का निर्णय लेना पड़ा। सात दिन बाद फिर चर्चा की जाएगी और अगर कार्यवाही नहीं हुई, तो कार्य का बहिष्कार दोबारा किया जाएगा।
श्रीकांत/दीपक
