आगरा (हि.स)। आगरा में इनकम टैक्स विभाग ने तीन अलग-अलग जगह छापेमारी की है। मंगलवार को छापेमारी आगरा के बडे़ शू एक्सपोर्ट्स के यहां हुई है। इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी हैं। एक बडे़ शू कारोबारी ने छापों की पुष्टि की है।
नोएडा में एसीई ग्रुप पर इनकम टैक्स विभाग द्वारा छापेमारी की गई है। इसी क्रम में आगरा में भी कई जगह छापे मारे गए हैं। सूत्रों के अनुसार आगरा के लाजपत कुंज निवासी शू एक्सपोर्टर विजय आहूजा और मनु अलग के आवास पर सुबह इनकम टैक्स की टीम पहुंची है। मनु अलघ को अखिलेश यादव का करीबी माना जाता है। अभी कुछ माह पहले अखिलेश यादव मनु अलघ की माता के निधन के बाद 06 सितम्बर 2021 को उनके घर भी आए थे। हालांकि मनु का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है।
इसके अलावा आगरा की महिला शू एक्सपोर्टर मानसी चंद्रा विजय नगर स्थित आवास पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची है। बताया गया है कि तीनों के यहां इनकम टैक्स विभाग ने सुबह करीब साढे़ सात बजे एक साथ रेड की। सभी लोगों के फोन जब्त कर लिए गए हैं। किसी को घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं है। वहीं, तीनों जगह पर पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात कर दी गई है।
श्रीकान्त
