Wednesday, March 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआगरा: कलेक्ट्रेट में दुष्कर्म पीड़ित महिला ने आरोपित पर फेंका केमिकल, दो...

आगरा: कलेक्ट्रेट में दुष्कर्म पीड़ित महिला ने आरोपित पर फेंका केमिकल, दो झुलसे

आगरा (हि.स.)। कलक्ट्रेट परिसर में गुरुवार दोपहर तारीख पर आई एक दुष्कर्म पीड़ित महिला ने आरोपित युवक पर केमिकल फेंक दिया। आरोपित तो बच गया, लेकिन साथ में चल रही उसकी बहन झुलस गयी। केमिकल फेंकने वाली दुष्कर्म पीड़ित महिला भी झुलस गयी। मौके पर मौजूद पुलिस ने दोनों पक्षों को जिला अस्पताल भेजा। 

न्यू आगरा क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने एक वर्ष पहले इंजीनियर्स कॉलोनी निवासी अरविंद और उत्तम के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा लिखाया था। इस मामले में महिला मीना भी साजिश करने के आरोप में नामजद थी। पुलिस ने विवेचना के बाद अरविंद और मीना के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश कर दी। उत्तम के खिलाफ अभी विवेचना प्रचलित है। इस मुकदमे को लेकर दोनों पक्षों में कई बार तकरार हो चुकी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों को पाबंद कर दिया। 
इसी मामले में एसीएम प्रथम कोर्ट में गुरुवार को तारीख थी। दोपहर को दुष्कर्म पीड़ित और दूसरे पक्ष से अरविंद अपनी बहन रूबी के साथ एसीएम कोर्ट में गए थे। कोर्ट से वापस आते समय दुष्कर्म पीड़ित महिला ने अरविंद और उसकी बहन के पर केमिकल फेंक दिया। इसमें अरविंद तो बच गया, लेकिन रूबी झुलस गयी| इसके साथ केमिकल फेंकने वाली महिला के पेट और हाथों पर कुछ केमिकल की बूंदे गिर पड़ीं, जिससे वह भी जख्मी हो गई।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि दोनों पक्षों में एक वर्ष पहले से मुकदमा चल रहा है। तारीख कर कोर्ट से वापस होने पर महिला ने आरोपित पर केमिकल फेंका। अभी दोनों पक्षों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा है। केमिकल फेंकने वाली महिला के खिलाफ थाना नाई की मंडी में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। साथ ही केमिकल की भी जांच कराई जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular