आगरा (हि.स.)। आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों ने नीट पीजी की काउंसलिंग नहीं कराये जाने से नाराज होकर बुधवार से सभी कामों का बहिष्कार कर दिया है। इसके चलते इलाज के लिए आने वाले मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार जनपद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों ने ओपीडी और आईपीडी के बहिष्कार के बाद से अब इमरजेंसी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, एनेस्थीशिया, रेडियो डायग्नोस्टिक आदि सेवाओं का भी बुधवार से बहिष्कार कर दिया है। इसके चलते यहां आने वाले मरीजों को इलाज नहीं मिल पाने के कारण काई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जूनियर्स डॉक्टरों द्वारा कार्य को बहिष्कार करने का कारण नीट पीजी की काउंसलिंग अभी तक नहीं कराये जाने के सम्बन्ध में है। जूनियर्स डॉक्टरों ने सर्वप्रथम 27 नवम्बर से ही कार्यों का बहिष्कार करना शुरू कर दिया था। उसके पश्चात चार दिसम्बर से वार्डों में भर्ती मरीजों को देखना बंद कर दिया और फिर बुधवार से बाकी सभी कार्यों का भी बहिष्कार कर दिया।
आगरा के एसएन में जूनियर डॉक्टरों का यह बहिष्कार काफी खतरनाक साबित हो सकता है क्योंकि यहां 176 जूनियर डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं और एसएन में न केवल आगरा के बल्कि आसपास के जिले फ़िरोज़ाबाद, मथुरा, मैनपुरी, एटा, इटावा, हाथरस, धौलपुर से भी मरीज इलाज के लिए आते हैं।
श्रीकांत
