Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआकाशीय बिजली गिरने से पक्का मकान जमींदोज, दिव्यांग की मौत, मां घायल

आकाशीय बिजली गिरने से पक्का मकान जमींदोज, दिव्यांग की मौत, मां घायल

– दिव्यांग अपनी वृद्ध मां के साथ रह रहा था सरकारी आवास में

हमीरपुर (हि.स.)। जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के कण्डौर गांव में सोमवार को मूसलाधार बारिश के साथ आकाशीय बिजली पक्के मकान में गिर गई जिससे छत समेत पूरा पक्का मकान जमींदोज हो गया। मकान के मलबे में मां और बेटे दब गए।

चीख-पुकार सुनकर ग्राम प्रधान और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और मकान का मलबा हटवाकर दोनों को बाहर निकाला लेकिन उससे पहले ही युवक की मौत हो गई। वही गंभीर रूप से घायल वृद्ध महिला को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

कुरारा क्षेत्र के कण्डौर गांव में भुवन दुलारी (70) पत्नी स्व.लल्लूरा अहिरवार को सरकारी आवास मिला है। ये अपने दिव्यांग पुत्र भुवनेश्वर (25) के साथ घर में थी तभी बारिश के साथ आकाशीय बिजली मकान की छत पर गिर गई जिससे मकान की छत धराशाई हो गई।

छत के मलबे में दोनों दब गए। पड़ोसी मौके पर पहुंचे। गांव के प्रधान ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकाला। मगर तब तक देर हो चुकी थी। दिव्यांग युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी वृद्ध मां को आननफानन इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाने के उपनिरीक्षक फूल चन्द्र मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। राजस्व विभाग के कर्मियों ने भी गांव पहुंचकर जांच पड़ताल की है। मृतक युवक सात भाईयों में छोटा था। हादसे में दिव्यांग बेटे की मौत से परिवार और रिश्तेदारों में मातम है।

RELATED ARTICLES

Most Popular