– ”आओ हाथ बढ़ाएं-एक पहल मदद की” चैरिटेबल ट्रस्ट ने धूमधाम से 11 जोड़ों का कराया सामूहिक विवाह
– नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने पहुंचे कैबिनेट मंत्री संजय निषाद व शहर की तमाम दिग्गज हस्तियों ने किया कन्यादान
मुुरादाबाद (हि.स.)। मुरादाबाद की 11 गरीब बेटियों ने शुक्रवार को गाजों-बाजों संग जिंदगी के नए सफर की शुरुआत कर दी। ”आओ हाथ बढ़ाएं-एक पहल मदद की” चैरिटेबल ट्रस्ट ने न सिर्फ 11 जोड़ों की धूमधाम से शादी कराई, बल्कि घराती बनकर शानदार विदाई भी दी। घर जैसे माहौल में हुए इस भव्य सामूहिक विवाह समारोह का साक्षी बना साईं गार्डेन। वर-वधुओं को आशीर्वाद देने जहां मुख्य अतिथि के रूप में उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद उपस्थित रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, विशिष्ट अतिथि एसएसपी हेमराज मीणा, आहुजा ग्रुप ऑफ कंपनीज के एमडी मनोज आहुजा, समारोह के अध्यक्ष गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष मार्कण्डेय मणि त्रिपाठी और ट्रस्ट की अध्यक्ष गीतांजली पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह की शुरुआत की। वेव मॉल के सामने साईं गार्डेन में इस समारोह के लिए 11 भव्य मंडप सजाए गए थे। पंडित केदार नाथ मुरारी, आचार्य जगत प्रसाद जोशी व शंकर प्रसाद पाण्डेय आदि पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार से परिसर को गुंजायमान कर दिया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि मुरादाबादवासी आओ हाथ बढ़ाएं-एक पहल मदद की” चैरिटेबल ट्रस्ट से प्रेरणा लें। इस ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने 11 जोड़ों का विवाह संपन्न कराकर एक मुरादाबाद की धरती पर ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने आगे कहा कि जिंदा रहते हुए कुछ ऐसा कार्य करिए ताकि दुनिया से जाने के बाद भी लोग याद रखें। इस कार्यक्रम को उन्होंने एक बड़ी पहल बताया। यह भी कहा कि संगठन ही राष्ट्र का निर्माण करता है। वोट में अगर संगठन की भूमिका हो जाए तो और बेहतर राष्ट्र का निर्माण हो। आओ हाथ बढ़ाएं जैसे संगठन हर शहर में होने चाहिए।
विशिष्ट अतिथि एसएसपी हेमराज मीणा ने एसपी संत कबीरनगर के रूप में तैनाती के दौरान हुए सामूहिक शादी समारोह के सरकारी आयोजन का जिक्र किया और कहा कि यहां का आयोजन कई मामलों में अलग है। यहां आकर बहुत अच्छा लगा।
ट्रस्ट की अध्यक्ष गीतांजली पाण्डेय ने ट्रस्ट द्वारा कराए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। मुरादाबाद के मशहूर रेस्टोरेंट मालिक एवं कारोबारी करनवीर सिंह ने सभी अतिथियों का जोरदार स्वागत किया।
एल्डी ग्रुप ऑफ कंपनीज के एमडी एवं कारोबारी राजेश रस्तोगी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। समारोह के शानदार संचालन की भूमिका डॉ. प्रदीप शर्मा ने निभाई। मुख्य अतिथि संजय निषाद, विशिष्ट अतिथि हेमराज मीणा एवं समारोह की अध्यक्षता करने पहुंचे गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष मार्कण्डेय मणि त्रिपाठी को चांदी का शंख भेंट किया गया। सभी विशिष्ट अतिथियों को दुशाला और मोमेंटो भेंट किया गया। 38 अतिथियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में बेटियों को संवारने की जिम्मेदारी जीनियस सैलून की ब्यूटीशियन पिंकी सपरा ने उठाई।
समाजशास्त्री एवं भाजपा नेता डॉ. विशेष गुप्ता, भाजपा के महानगर अध्यक्ष धमेंद्र नाथ मिश्रा, प्रसिद्ध चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. एसके गुप्ता, कोठीवाल ग्रुप के डायरेक्टर डा. केके मिश्रा, अजय नारंग, रशिम दुग्गल, पंकज रस्तोगी, नलिन गुप्ता, राजन अग्रवाल, बॉबी उप्पल, एके गुप्ता, मनोज कुमार, कपिल, गोविंद गुप्ता, मंजू गुप्ता एवं मनोज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
निमित जायसवाल
