नई दिल्ली (हि.स)। देश के सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय औद्योगिक विकास बैंक (आईडीबीआई) के निजीकरण के लिए आरंभिक बोलियां दाखिल करने की तारीख फिर बढ़ा दी गई है। केंद्र सरकार ने आईडीबीआई बैंक के लिए आरंभिक बोली दाखिल करने की समय-सीमा बढ़ाकर 7 जनवरी, 2023 कर दी है।
वित्त मंत्रालय के निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) ने बुधवार को जारी एक नोटिस में यह जानकारी दी है। दीपम ने कहा है कि अब आईडीबीआई के लिए अभिरुचि पत्र (ईओआई) जमा करने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर से बढ़ाकर 7 जनवरी, 2023 कर दी गई है। इसके साथ ही ईओआई की प्रतियां जमा करने की अंतिम तिथि भी 23 दिसंबर से बढ़ाकर 14 जनवरी, 2023 कर दी गई है।
केंद्र सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम एलआईसी सार्वजनिक क्षेत्र के आईडीबीआई बैंक में अपनी 60.72 फीसदी की हिस्सेदारी बेचना चाहते हैं। आईडीबीआई बैंक ने संभावित खरीदारों से 7 अक्टूबर को इसके लिए बोलियां आमंत्रित की थीं। अभिरुचि पत्र या आरंभिक बोली दाखिल करने की अंतिम समय-सीमा 16 दिसंबर थी लेकिन लेन-देन सलाहकारों को समय-सीमा में विस्तार करने के कुछ अनुरोध मिले थे, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है।
प्रजेश शंकर/दधिबल
