मेरठ (हि.स.)। नायरा कंपनी के पेट्रोल पंपों पर घटतौली और मिलावट का मामला गर्माता जा रहा है। बुधवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के कार्यकर्ताओं ने आईजी मेरठ रेंज से मिलकर रिटायर्ड डीआईजी के बेटे समेत सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी के नेतृत्व में पदाधिकारी बुधवार को मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार से मिलने पहुंचे। उन्होंने आईजी से कहा कि नायरा कंपनी के पेट्रोल पंपों पर घटतौली और मिलावट के आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाए। घटतौली और मिलावट कर रहे पेट्रोल पंप संचालक जनता और सरकार दोनों के अपराधी हैं। पेट्रोल पंपों पर षड्यंत्र करके मदरबोर्ड के जरिए जनता को लूटा जा रहा है। इस पूरे खेल में रिटायर्ड डीआईजी का बेटा सुशांत भी शामिल है, जो अभी तक गिरफ्तार नहीं हो पाया है। सुशांत समेत सभी आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। आरोपितों पर धारा 420, 467, 468, गैंगस्टर और आईटी एक्ट की धाराओं को बढ़ाया जाए। आरोपितों की संपत्ति की जांच करके भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों को जब्त किया जाए। ज्ञापन देने वालों में यासीन अंसारी, शैंकी वर्मा राजपूत, लोकेश चौहान, दीपक सिरोही, जीशान अहमद, दानिश राणा, मोहित सूद, असलम मंसूरी, हारून मलिक, अनंत यादव आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप
