Tuesday, March 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआईजी का निर्णय, बागपत पुलिस करेगी दीपक हत्याकांड की जांच

आईजी का निर्णय, बागपत पुलिस करेगी दीपक हत्याकांड की जांच

मेरठ(हि.स.)। मेरठ के चर्चित दीपक त्यागी हत्याकांड में की जांच मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार ने बागपत पुलिस को सौंप दी है। बागपत की एसओजी टीम ने शुक्रवार को खजूरी गांव जाकर मामले की जांच शुरू कर दी।

परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के खजूरी गांव निवासी धीरेंद्र त्यागी उर्फ भगतजी के बेटे दीपक त्यागी की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारे उसका सिर अपने साथ ले गए थे। एक सप्ताह बाद दीपक का सिर बरामद करके पुलिस ने केस खोल दिया था। मृतक के परिजन मेरठ पुलिस पर मुख्य आरोपित को बचाकर गलत केस खोलने का आरोप लगा रहा है। इसे लेकर त्यागी समाज के लोगों ने कई दिन तक धरना दिया। जिलाधिकारी और एसएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों से ज्ञापन लिया था। परिजनों ने इस मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की थी। इसके साथ ही सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग भी उठाई।

परिजनों ने आईजी प्रवीण कुमार से मिलकर दीपक हत्याकांड की जांच बागपत के पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन से कराने की मांग की थी। आठ अक्टूबर तक मांग पूरी नहीं होने पर नौ अक्टूबर को ग्रामीणों ने महापंचायत का ऐलान किया था। आईजी मेरठ रेंज प्रवीण कुमार ने दीपक हत्याकांड की जांच मेरठ पुलिस से हटाकर बागपत एसपी को सौंप दी। शुक्रवार को बागपत एसओजी प्रभारी तपेश्वर सागर के नेतृत्व में पुलिस टीम खजूरी गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस टीम ने पूरी घटना का क्राइम सीन कराया और पीड़ित परिवार से मामले की जानकारी ली।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular