Monday, March 30, 2026
Homeराष्ट्रीयआईओआर के दक्षिण पूर्व जकार्ता में तैनात हुए भारत के दो फ्रंटलाइन...

आईओआर के दक्षिण पूर्व जकार्ता में तैनात हुए भारत के दो फ्रंटलाइन युद्धपोत

– तैनाती का मकसद भारत के समुद्री पड़ोसी के साथ घनिष्ठ संबंधों को मजबूत करना

– इंडोनेशियाई नौसेना के साथ समुद्री साझेदारी अभ्यास में भी भाग लेंगे दोनों जहाज

नई दिल्ली(हि.स.)। भारतीय नौसेना ने स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित फ्रंटलाइन युद्धपोत आईएनएस सह्याद्री और आईएनएस कोलकाता को हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) के दक्षिण पूर्वी छोर पर जकार्ता, इंडोनेशिया में तैनात किया है। इसका मकसद भारत के समुद्री पड़ोसी के साथ घनिष्ठ संबंधों को मजबूत करना है।

नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने बताया कि दक्षिण पूर्वी आईओआर में भारतीय नौसेना के दो अग्रणी जहाज आईएनएस सह्याद्रि और आईएनएस कोलकाता तैनाती मिशन के लिए 17 जुलाई को जकार्ता पहुंचे। इंडोनेशियाई नौसेना ने दोनों जहाजों का गर्मजोशी से स्वागत किया। पोर्ट कॉल के दौरान भारतीय और इंडोनेशियाई नौसेनाओं के कर्मी पेशेवर बातचीत, संयुक्त योग सत्र, खेल कार्यक्रम और क्रॉस-डेक यात्राओं की एक विस्तृत श्रृंखला में शामिल होंगे, जिसका उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच आपसी सहयोग और समझ को मजबूत करना है।

परिचालन बदलाव के पूरा होने पर दोनों जहाज दोनों नौसेनाओं के बीच पहले से मौजूद उच्च स्तर की अंतरसंचालनीयता को और मजबूत करने के लिए इंडोनेशियाई नौसेना के साथ समुद्री साझेदारी अभ्यास (एमपीएक्स) में भी भाग लेंगे। आईएनएस सह्याद्रि प्रोजेक्ट-17 श्रेणी का तीसरा स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित स्टील्थ युद्धपोत है। आईएनएस कोलकाता प्रोजेक्ट-15ए श्रेणी का पहला स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित स्टील्थ विध्वंसक है। दोनों जहाजों का निर्माण मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड में किया गया है।

सुनीत/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular