Monday, April 6, 2026
Homeखेलआईएसएल : शीर्ष चार के लिए होगा बगान और ओडिशा में जंग

आईएसएल : शीर्ष चार के लिए होगा बगान और ओडिशा में जंग

गोवा (हि.स.)। एटीके मोहन बगान का लक्ष्य अंक तालिका में अपने बढ़ाव को जारी रखने होगा, जिसके लिए महरून एंड ग्रीन ब्रिगेड को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 में ओडिशा एफसी के रूप में ऐसे प्रतिद्वंद्वी का सामना करना पड़ेगा, जो आत्मविश्वास से लबालब है। इन दोनों टीमों के बीच यह जंग शनिवार को फतौर्डा स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होगी।

कोच जुआन फेर्रांडो की देखरेख में मोहन बगान ने कोई मैच नहीं हारा है और स्पेनिश कोच ने खराब प्रदर्शन के सिलसिले को रोकते हुए टीम को स्थिरता प्रदान करके टॉप फोर पर ला दिया है। महरून एंड ग्रीन ब्रिगेड ने लगातार दो जीत के बाद पिछले मैच में हैदराबाद एफसी से 2-2 से ड्रा खेलकर यह सुनिश्चित किया था, वो शीर्ष चार पर बना रहे।

“घरेलू” टीम को अपने स्टार प्लेमकर हुगो बौमाउस के बिना ही ओडिशा का सामना करना होगा, क्योंकि मोरोक्को में जन्मा फ्रेंच अटैकिंग मिडफील्डर पिछले लगातार चार मैचों में येलो कार्ड मिलने के कारण अगामी मुकाबले में निलम्बन का सामना करेगा। वह पांच गोलों के साथ टीम की ओर से संयुक्त रूप से सर्वोच्च गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। बगान को डिफेंसिव मिडफील्डर कार्ल मैकहुग की भी सेवाएं नहीं मिलेंगी, क्योंकि वो पिछले मैच में चोटिल हो गए थे।

फेर्रांडो ने पिछले मैच से आत्मविश्वास लेते हुए कहा, “मुझे लगता है कि हर किसी के लिए समस्या तब होती है, जब आपके पास मौका नहीं होता है। मेरे विचार से यह अच्छी टीम है, जिसके पास मौके हैं। लेकिन अगर आपके पास कोई अवसर नहीं हैं, तो मामला मुश्किल हो जाता है।”

ओडिशा ने कल ही अपने कप्तान विनीत राय को शेष सीजन के लिए लोन पर मुंबई सिटी एफसी में जाते हुए देखा है। राय की गैरमौजूदगी में मिडफील्डर जैरी माविमिंगथांगा को ओडिशा की अगुवाई करने का काम सौंपा गया है। ये विंगर इस समय गजब की फॉर्म में है। जैरी ने मुंबई के खिलाफ पिछले मैच में ओडिशा की जीत में दो गोल किए और एक सहायता प्रदान की। इस तरह उन्होंने 4 मैचों के जीत के सूखे को खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

ओडिशा के हेड कोच किको रामिरेज़ ने विरोधियों के प्रति सचेत रहते हुए कहा, “वे आईएसएल की सबसे बड़ी टीमों में से एक हैं। इसलिए ड्रा के बाद वे जीत के भूखे होंगे।”

ओडिसा नौ मैचों में 13 अंकों के साथ तालिका में सातवें स्थान पर है और जीत के साथ शीर्ष चार में जगह बना सकता है। वहीं, बगान नौ मैचों से 15 अंक हासिल करके चौथे स्थान पर है।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular