Saturday, January 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआईएनएस सुमित्रा में ड्यूटी के दौरान दुर्घटना का शिकार हुए नौसैनिक के...

आईएनएस सुमित्रा में ड्यूटी के दौरान दुर्घटना का शिकार हुए नौसैनिक के शव की हुई खोज

रायबरेली(हि.स.)। विशाखापत्तनम में तैनात भारतीय नौ सेना के जवान के शव की खोज कर ली गई है। मंगलवार को इसकी सूचना उनके परिजनों को दी गई। बुधवार को उनके शव आने की उम्मीद है जिसके बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
 उल्लेखनीय है कि मिल एरिया थाना क्षेत्र के घुराडीह निवासी शुभम सिंह भारतीय नौ सेना में थे और 2 वर्ष पहले 2018 में ही उन्होंने नियुक्ति पाई थी। शुभम सिंह की वर्तमान में तैनाती विशाखापत्तनम के न्यू पोर्ट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत यराडा बीच पर थी। बीती रविवार 8 नवम्बर को भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सुमित्रा पर वह अपनी ड्यूटी कर रहे थे। सुबह नाश्ते के बाद वह पेटी ऑफिसर जगजीत सिंह और अन्य के साथ जहाज़ के तल पर गये और वहीं समुद्र की लहरों में दुर्घटना का शिकार हो गए। 
 इस दुर्घटना में पेटी आफिसर की मौके पर ही मौत हो गई और उनके शव को निकाल लिया गया, जबकि शुभम सिंह का कोई पता नहीं चल सका। यरवडा बीच पर समुद्री लहरों में नेवी की कई टीमें खोजबीन में जुटी हुई थी। काफी खोजबीन के बाद सोमवार की शाम शुभम का शव मिल सका। जिसकी जानकारी परिजनों को मंगलवार को दी गई, जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 परिजनों के अनुसार बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। गौरतलब है कि शुभम सिंह मार्च में छुटियों पर घर आया था और रविवार को ही परिजनों से फोन पर बात हुई थी। तीन बहनों के बीच शुभम एकलौता भाई था। शुभम की मौत के बाद पूरा गांव शोक संतप्त है।

RELATED ARTICLES

Most Popular