लखनऊ (हि.स.)। नियुक्ति विभाग द्वारा एक्टिविस्ट डॉ. नूतन ठाकुर को आरटीआई में दी गयी सूचना के अनुसार प्रदेश सरकार आईएएस अफसर आईपी पाण्डेय के खिलाफ कार्यवाही कर रही है।
नूतन ने आईपी पाण्डेय द्वारा उपाध्यक्ष, केडीए पद पर नियुक्ति के लिए रुपये के लेनदेन के कथित गम्भीर भ्रष्टाचार-कदाचार के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री से शिकायत की थी तथा आरटीआई में इस शिकायत पर की गयी कार्यवाही की जानकारी मांगी थी।
इस पर नियुक्ति अनुभाग-5 के जन सूचना अधिकारी ओपी त्रिपाठी ने बताया कि एसपी एसटीएफ द्वारा उपलब्ध करायी गयी जांच आख्या 22 मई 2020 में दोषी पाए जाने पर आईपी पाण्डेय के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही प्रक्रिया में है। अन्तिम निर्णय होने तक आरटीआई एक्ट की धारा 8 के तहत सूचना उपलब्ध नहीं करायी जा सकती है।
नूतन ने कहा था कि एसटीएफ द्वारा इस प्रकरण में थाना विभूतिखण्ड में दर्ज मुकदमे को देखने से स्पष्ट है कि मामले में श्री पाण्डेय की स्पष्ट भूमिका है क्योंकि रुपये का सारा लेनदेन उन्ही की पोस्टिंग के लिए हुआ था। इसलिए उनके खिलाफ भी कार्यवाही की जाए।
