सात और स्टेशनों का भी तैयार हो चुका है आधार, नवंबर में होगा ट्रायल
कानपुर (हि.स.)। कानपुर महानगर में बन रही मेट्रो का कार्य तेजी से चल रहा है और हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार ने बजट में मेट्रो के प्रस्तावित बजट को हरी झण्डी दे दी। इसके बाद से कयास लगाया जा रहा था कि समय से कानपुरवासियों को मेट्रो का तोहफा मिल जाएगा। रविवार को मेट्रो अधिकारियों ने बयान जारी कर बताया कि आईआईटी से मोतीझील के बीच तीन स्टेशनों के प्लेटफार्म तैयार हो चुके हैं और नवंबर में ट्रायल होगा।
पहले चरण के तहत नवबंर में मेट्रो के ट्रायल को लेकर तेजी से चल रहे निर्माण कार्य के बीच अब तक तीन स्टेशनों के प्लेटफॉर्म तैयार कर लिए गए हैं। इस बात का दावा करते हुए कानपुर मेट्रो से जुड़े अफसरों का कहना है कि रावतपुर तक सात स्टेशनों का आधार भी तैयार हो चुका है। अफसरों ने बताया कि आईआईटी से मोतीझील के बीच नौ किलोमीटर रुट पर तेजी से निर्माण कार्य जारी है। पहले चरण में सबसे पहले आईआईटी स्टेशन का प्लेटफॉर्म तैयार किया गया था। इसके बाद अब कल्याणपुर और एसपीएम स्टेशन का भी प्लेटफॉर्म तैयार कर लिया गया है। इसके अलावा इन तीनों स्टेशनों पर सभी टेक्निकल रुम भी तैयार हो गए हैं। मेट्रो निर्माण से जुड़े अफसरों ने बताया कि रावतपुर तक सात स्टेशनों तक आधार भी तैयार हो चुका है।
बता दें कि कानपुर के प्रयॉरिटी कॉरिडोर में आईआईटी, कल्याणपुर और एसपीएम यानी शुरुआती तीन मेट्रो स्टेशनों के अंदर सभी टेक्निकल रुम्स का निर्माण पूरा हो गया है। अब इन टेक्निकल रुम में जल्द ही टेक्निकल सिस्टम लगाने का काम शुरु होगा। मेट्रो स्टेशनों में सिग्नलिंग, टेलिकॉम और इलेक्ट्रिकल से संबंधित टेक्निकल रुम्स तैयार किए जाते हैं, जो मेट्रो परिचालन के लिए जरुरी होते है।
