लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग स्थित तथागत सभागार में सड़क सुरक्षा व ब्लैक स्पॉट के अल्पकालिक सुधारीकरण के लिए आयोजित ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम का विभागीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उद्घाटन किया। प्रशिक्षण में आईआईटी दिल्ली की विशेषज्ञ प्रो.गीतम तिवारी व आईआईटी बीएचयू के विशेषज्ञ प्रो.अंकित गुप्ता ने प्रमुखता से सड़क सुरक्षा की शोधपरक विषय को रखा।
विशेषज्ञों प्रो.गीतम तिवारी व प्रो.अंकित गुप्ता ने अपने विचार रखते हुए सड़क पर ब्लैक स्पॉट के सुधारीकरण के बिन्दुओं को कार्यशाला में समझाया। विभाग से जुड़े अधिकारियों के सम्मुख विशेषज्ञों ने अल्पकालिक सुधारीकरण के लिए विस्तार से अपने विचार व्यक्त किये तथा नवीन जानकारियों से सभी अभियंताओं को अवगत कराते हुए कहा कि 13 महत्वपूर्ण बिन्दुओं के क्रियान्वयन से सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आयेगी। आजकल बन रही सड़कों पर तेज रफ्तार के दौरान किसी ब्लैक स्पॉट, खुले मोड़, जानवर या अन्य वाहन के आने से दुर्घटनाएं होती है। इसके लिए महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर कार्य करने की जरुरत है।
कार्यशाला में लोक निर्माण विभाग मंत्री ने करीब एक घंटा के वक्त दिया और बैठक में कुछ महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2021 में चिन्हित 1027, वर्ष-2022 में चिन्हित 1041 ब्लैक स्पॉट का स्वामित्व निर्धारण कर पूर्ण कर लिया जाये। मार्गों पर पड़ने वाले संकरी पुल, पुलियों का चिन्हीकरण 11 जनवरी 2023 तक पूर्ण कराया जाये। मार्गों के कैरियज-वे पर आने वाले इलेक्ट्रिक पोल एवं पेड़ों को हटाने की कार्यवाही तत्काल की जाये।
मंत्री ने निर्देशित करते हुए कहा कि मार्गों के जंक्शन के सुधार कार्य, मार्गों पर स्थित स्कूल, हॉस्पिटल एवं जनसमुदाय केन्द्रों पर रोड सेफ्टी से सम्बन्धित कार्य प्राथमिकता से कराये जाये। जिला सड़क सुरक्षा समितियों की मासिक बैठक प्रति माह की 07 तारीख को सम्पन्न कराया जाये और उसका कार्यवृत्त मोर्थ के पोर्टल पर अपलोड किया जाये। नयी परियोजनाओं के डीपीआर गठन में रोड सेफ्टी डिजाइन का प्राविधान अवश्य किया जाये। विभाग अपने स्वामित्व वाले सभी वाहनों पर मानकानुसार रिफ्लेक्टिव टेप तत्काल लगाये, जिससे कोहरे के दौरान विभागीय वाहनों से किसी दुर्घटना की सम्भावना न रहे।
इस दौरान प्रमुख सचिव नरेंद्र भूषण ने कार्यशाला में मौजूद मंत्री जितिन प्रसाद को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिये गये मार्गदर्शन एवं निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जायेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रमुख अभियन्ता (विकास) व विभागाध्यक्ष संदीप कुमार, प्रमुख अभियन्ता (परिकल्प एवं नियोजन) अरविन्द कुमार जैन, प्रमुख अभियंता वीके श्रीवास्तव सहित समस्त क्षेत्रीय मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशाशी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
शरद
