लखनऊ (हि.स.)। आईएमएम रोड पर स्थानीय बिल्डरों द्वारा बिना नक्शा पास कराये धड़ल्ले से रो-हाउस, फ्लैट बनाए जा रहे हैं। इन बिल्डरों को बड़े बिल्डरों का संरक्षण प्राप्त है और अवैध प्लाटिंग में बड़े बिल्डर फाइनेंसियल मदद भी कर रहे हैं। 11 सौ रुपये स्क्वायर फीट से लेकर दो हजार स्क्वायर फीट के रेट में जमीन की प्लाटिंग हो रही है। 30 से 35 लाख के रेट पर रो-हाउस और 20 से 25 लाख तक फ्लैट बेचा जा रहा है।
सीतापुर रोड निवासी आशिफ नामक बिल्डर ने पहले तो जमीन का कारोबार किया और बाद में रो-हाउस बनाकर बेचना शुरु कर दिया। नक्शा पास कराने की समस्या सामने आयी तो लखनऊ विकास प्राधिकरण के अभियंताओं और कर्मचारियों से साठगांठ कर लिया। जमीन के एजेंटों की मदद से रो-हाउस की बुकिंग कर धड़ल्ले से बिना नक्शा स्वीकृत भवनों को बेचा जा रहा है।
माल रोड पर हसन बिल्डर ने किसानों से जमीन का टुकड़ा खरीदा और प्लाटिंग कर बेचने लगा। इस दौरान जमीन के एक टुकड़े पर फ्लैट भी बना डाला। आवासीय नक्शे पर बने फ्लैटों को समय रहते बेच दिया गया। सड़क किनारे फ्लैट की डिमांड से कम समय में ही सभी फ्लैट बिक गये। इसमें मलिहाबाद के एक आम कारोबारी भी फाइनेंस के साथ जुड़े और उन्होंने जमकर लाभ कमाया।
तेजी से बढ़ रहे लखनऊ शहर में आईआईएम रोड की ओर बड़ी कालोनियों का विस्तार हुआ है। इसमें बिल्डरों को लाभ कमाने का मौका मिला है। इसी में लखनऊ के बड़े बिल्डरों ने छोटे बिल्डरों को अपने साथ जोड़कर सिंडिकेट बनाया और फाइनेंसियल मदद कर छोटे बिल्डरों के हाथ मजबूत किये। लखनऊ के बाहर दूसरे जिलों के बिल्डरों का भी फाइनेंस राशि आईआईएम रोड के अवैध निर्माण कार्यों पर लगा।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डा.इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर जोन स्तर पर प्राधिकरण की टीम अवैध रुप से हो रहे निर्माण कार्यों की जांच कर उन्हें नोटिस कर रही हैं। अवैध निर्माण कार्य को सील की कार्यवाही कर रोका जा रहा है। अवैध रुप से हो रही प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया जा रहा है।
आईआईएम रोड पर लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण कार्य पर चर्चित कार्रवाईयां भी की गई हैं।जिसमें वर्ष 2020 में अजमत अली के डेंटल कालेज पर चला बुलडोजर कार्रवाई की चर्चा आज भी होती है। जिसमें अजमत अली और उसके बेटे पूर्व मंत्री इकबाल के कैरियर डेंटल कालेज के अवैध निर्माण को बुलडोजर लगा कर ढ़हाया गया था।
शरद/मोहित
