-मंगलवार की सायं 4:29 पर प्रारम्भ होकर शाम 5:43 तक रहेगा ग्रहण
मुरादाबाद (हि.स.)। श्री हरि ज्योतिष संस्थान निकट माता मंदिर लाइनपार मुरादाबाद के संचालक प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस वर्ष का अन्तिम सूर्य ग्रहण दीपावली के दूसरे दिन 25 अक्टूबर को लगेगा। उन्होंने बताया कि यह ग्रहण आंशिक सूर्य ग्रहण है और वर्ष 2022 का दूसरा सूर्य ग्रहण है।
ज्योतिषाचार्य ने बताया कि भारतीय समयानुसार सूर्य ग्रहण भारत में 25 अक्टूबर मंगलवार की सायं 4:29 पर प्रारंभ होकर से शाम 5:43 तक रहेगा। इस आंशिक सूर्य ग्रहण की अवधि लगभग 01 घंटा 14 मिनट रहेगी। सूर्यास्त के साथ यह ग्रहण पूरी तरह खत्म हो जाएगा। यह सूर्य ग्रहण 25 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार दोपहर बाद 2:29 पर आइसलैंड में शुरू होगा तथा शाम 6:20 पर अरब सागर में ख़त्म होगा।
उन्होंने बताया कि दीपावली कार्तिक मास की अमावस्या को मनाई जाती है। इस वर्ष दीपावली 24 अक्टूबर को ही मनाई जाएगी। लेकिन अमावस्या तिथि 24 अक्टूबर व 25 अक्टूबर दोनों दिन रहेगी। अमावस्या तिथि 24 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 3 मिनट पर शुरू होगी जो 25 अक्टूबर की शाम 4 बजकर 34 तक रहेगी।बताया कि ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक सूर्य ग्रहण का सूतक काल 12 घंटे पहले शुरू हो जाता है और वह ग्रहण खत्म होने के बाद ही खत्म होता है। ग्रहण लगने से पहले के समय को अशुभ माना जाता है और इसे ही सूतक काल कहते हैं। सूतक काल में कोई भी मांगलिक काम नहीं होते और ना ही किसी व्यक्ति को इस समय में नए काम शुरू करना चाहिए।
पंडित सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि यह आंशिक सूर्य ग्रहण मुख्य रूप से यूरोप, उत्तर-पूर्वी अफ्रीका और पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों से दिखाई देगा। भारत में ग्रहण नई दिल्ली, बेंगलुरु, कोलकाता, चेन्नई, उज्जैन, वाराणसी, मथुरा में दिखाई देगा। पूर्वी भारत को छोड़कर सारे भारत में इस सूर्य ग्रहण को देखा जा सकता है। जब सूर्य का कुछ भाग ही नजर आता है तो वह आंशिक सूर्य ग्रहण होता है।
ज्योतिषाचार्य ने बताया कि सूतक काल में कोई भी शुभ काम को शुरू करने से बचें। सूतक काल में भगवान की भक्ति करें, सूतक काल में ना ही खाना बनाएं और ना ही खाना बनाएं, अगर खाना बना हुआ रखा है तो उसमें तुलसी के पत्ते डालकर रखें।
निमित
