Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअहिल्याबाई घाट पर जौनपुर का युवक डूबा,24 घंटे में दो युवकों की...

अहिल्याबाई घाट पर जौनपुर का युवक डूबा,24 घंटे में दो युवकों की मौत से आक्रोश

वाराणसी (हि.स.)। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के अहिल्याबाई घाट पर रविवार दोपहर गंगा स्नान के दौरान जौनपुर का युवक डूब गया। जब तक उसे निकाला जाता, उसकी मौत हो गई। पिछले 24 घंटे के अंदर घाट पर दो युवकों के डूबने से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। जौनपुर के बक्सा थाना क्षेत्र के नवतरवा निवासी राजेश गुप्ता (21) अपने चचेरे भाइयों के साथ कोनिया में रिश्तेदार के यहां आया था। चचेरे भाई के साथ पूर्वांह में घाट घूमने आया। इस दौरान अहिल्याबाई घाट पर स्नान के दौरान डूब गया। साथ आये भाइयों के शोर मचाने पर मल्लाहों ने उसे निकाला तब तक मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पाते ही मृत युवक के परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन जौनपुर से वाराणसी के लिए रवाना हो गये।

इसी घाट पर बीते शनिवार को लखनऊ आलमनगर निवासी शुभम गुप्ता की डूबने से मौत हुई थी। घटना से क्षुब्ध क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि पिछले एक महीने में कई लोगों की इस घाट पर डूबने से मौत हो चुकी है। गंगा घाट आजकल पर्यटकों के लिए काल बने हुए है। लोगों ने कहा कि स्थानीय गंगा नहाने वालों को गंगा नदी के गहराई का अंदाजा होता है। लेकिन बाहर से आये पर्यटक गहराई का अंदाज न लगने के कारण काल के गाल में समा जा रहे है। जिला प्रशासन को इस ओर ध्यान देते हुए तत्काल सभी घाटों पर गहराई की चेतावनी सम्बन्धी बोर्ड लगवाने चाहिए। यदि सम्भव हो तो हरिद्वार की हर की पौड़ी की तरह घाटों पर सिकड़ी भी लग जाये तो बेहतर रहेगा।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular