मुंबई (हि. स.)। पश्चिम रेलवे द्वारा आगामी दिवाली फेस्टिवल के मद्देनजर, यात्रियों की मांग एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए अहमदाबाद मण्डल की अहमदाबाद-बरौनी, अहमदाबाद-गोरखपुर तथा भुज-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेनों में (अस्थाई तौर पर) एक-एक कोच अतिरिक्त जोड़ा जाएगा।
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क विभाग से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 09483 अहमदाबाद-बरौनी स्पेशल ट्रेन में दिनांक 30 अक्टूबर से 26 नवंबर 2021 तक तथा ट्रेन संख्या 09484 बरौनी-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन में दिनांक 01 नवंबर से 28 नवंबर 2021 तक एक-एक स्लीपर कोच अतिरिक्त जोड़ा जाएगा।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 09489 अहमदाबाद- गोरखपुर स्पेशल ट्रेन में आज से 26 नवंबर 2021 तक (सोमवार को छोड़कर) तथा ट्रेन संख्या 09490 गोरखपुर-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन में 29 अक्टूबर से 27 नवंबर 2021 तक(मंगलवार को छोड़कर) एक-एक स्लीपर कोच अतिरिक्त जोड़ा जाएगा।
इसी तरह ट्रेन संख्या 09004 भुज-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन में दिनांक 30 अक्टूबर से 18 नवंबर 2021 (सोम, गुरु व शनिवार) तक तथा ट्रेन संख्या 09003 बांद्रा टर्मिनस-भुज स्पेशल ट्रेन में 29 अक्टूबर से 17 नवंबर 2021 तक (बुध, शुक्र व रविवार) एक-एक थर्ड एसी कोच अतिरिक्त जोड़ा जाएगा।
स्पेशल ट्रेनों के परिचालन समय, ठहराव और संरचना से सम्बंधित विस्तृत जानकारी www.enquiry.indianrail.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से बोर्डिंग और यात्रा के दौरान कोविड-19 से सम्बंधित मानदंडों के पालन का अनुरोध किया है।
