Saturday, April 11, 2026
Homeमनोरंजनअस्सी-नब्बे के दशक में फिल्म निर्देशकों की पहली पसंद थे शक्ति कपूर

अस्सी-नब्बे के दशक में फिल्म निर्देशकों की पहली पसंद थे शक्ति कपूर

फिल्मों में खलनायक और हास्य भूमिकाएं निभाने के लिए प्रसिद्ध अभिनेता शक्ति कपूर ने अपने अभिनय के बल पर दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है। शक्ति कपूर का जन्म दिल्ली के एक पंजाबी परिवार में हुआ था। उनका असली नाम सुनील सिकंदर लाल कपूर है। अभिनेता शक्ति कपूर ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। शक्ति कपूर के पिता दर्जी का काम करते थे। उनकी दुकान पर बॉलीवुड की कई हस्तियां आती थी। इसी क्रम में एक दिन सुनील दत्त की नजर शक्ति कपूर पर पड़ी। उस समय सुनील दत्त फिल्म रॉकी बना रहे थे। शक्ति कपूर से उनका नाम पूछा और उन्हें फिल्म रॉकी के लिए विलेन का रोल ऑफर किया। लेकिन सुनील दत्त को विलेन के रूप में उनका नाम पसंद नहीं आया। उन्होंने उनका नाम सुनील कपूर से बदलकर शक्ति कपूर रख दिया, लेकिन इस फिल्म से पहले ही शक्ति कपूर को फिरोज खान की फिल्म कुर्बानी में अभिनय करने का अवसर मिल चुका था। इस फिल्म के साथ ही शक्ति ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इसके बाद आई उनकी फिल्म रॉकी। फिल्म में शक्ति ने विलेन की भूमिका निभाई थी। शक्ति कपूर की खलनायक की भूमिका वाली यह दोनों फिल्में ब्लॉकबस्टर साबित हुईं। इसके बाद शक्ति कपूर ने अपनी कड़ी मेहनत से बॉलीवुड में एक मकाम हासिल किया। बॉलीवुड में अस्सी-नब्बे के दशक में वह निर्देशकों की पहली पसंद थे।

उन्होंने फिल्मों में खलनायक की भूमिका के साथ-साथ कॉमेडी भूमिकाएं भी निभाई हैं। फिल्म राजा बाबू में नंदू का किरदार निभाने वाले शक्ति कपूर का डायलॉग ‘नंदू सबका बंधू…’ आज भी दर्शकों की जुबान पर है। इस फिल्म में उनके कॉमिक रोल के लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट कॉमेडियन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

उनकी बेस्ट कॉमिक फिल्मों में इंसाफ, बाप नंबरी बेटा दस नंबरी, अंदाज अपना अपना, तोहफा, राजाबाबू, चालबाज, बोल राधा बोल शामिल हैं। उनकी फिल्म अंदाज अपना अपना में क्राइम मास्टर गोगो का अभिनय जहां दर्शकों द्वारा काफी सराहा गया, वहीं इस किरदार ने दर्शकों के दिलों पर अपनी अलग छाप भी छोड़ी। खलनायक की भूमिका में उनकी फिल्म कुर्बानी, हिम्मतवाला, हीरो, गुंडा, अंगारे, लाडला आदि दर्शकों को बहुत पसंद आईं। शक्ति कपूर ने बॉलीवुड में अब तक 700 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है।

शक्ति कपूर की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी शादी शिवानी कपूर से हुई हैं। उनके दो बच्चे सिद्धार्थ कपूर और श्रद्धा कपूर हैं। बेटी श्रद्धा कपूर हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। बेटा सिद्धार्थ कपूर सहायक निर्देशक और डीजे हैं। शक्ति कपूर सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहते हैं और इसके जरिये अपने फैंस से अक्सर जुड़े रहते हैं।

सुरभि सिन्हा/कुसुम

RELATED ARTICLES

Most Popular