Sunday, March 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअस्पताल में अल्ट्रासाउंड रूम बंद देख योगी सरकार के दो मंत्री भड़के

अस्पताल में अल्ट्रासाउंड रूम बंद देख योगी सरकार के दो मंत्री भड़के

– सीएमएस को लगाई कड़ी फटकार, लिफ्ट बंद पाए जाने पर जताई नाराजगी

– ग्राम समूह पेयजल .योजना, निर्माणाधीन पालीटेक्निक का भी किया निरीक्षण

हमीरपुर (हि.स.)। प्रदेश के सूक्ष्म, लघु मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान व राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान ने बुधवार को यहां जिला अस्पताल का निरीक्षण कर कमियां पाए जाने पर फटकार लगाई है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से हालचाल लेते हुए अल्ट्रासाउन्ड रूम बंद पाए जाने पर कड़ी फटकार लगाई है।

प्रदेश सरकार के दोनों मंत्रियों ने संयुक्त रूप से जिला अस्पताल में ईएनटी, ओपीडी, सर्जरी, ओपीडी लैब, पैथालाजी, ब्लड बैंक व एसएनसीयू वार्ड एवं इमरजेंसी समेत अन्य कक्षों का निरीक्षण किया। डाक्टरों और नर्सों से पूछताछ कर जानकारी की। निरीक्षण में अल्ट्रासाउन्ड रूप में ताला पड़ा देख मंत्री गुस्से से भड़क गए और कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल अल्ट्रासाउन्ड रूम खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी मैन पावर की व्यवस्था की जाए।

मंत्रियों ने सीची स्केन सेंटर का भी निरीक्षण किया। महिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर उन्होंने जरूरी दिशा निर्देश दिए। अस्पताल की लिफ्ट बंद पाए जाने पर माननीय मंत्री जी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उसको शीघ्र क्रियाशील कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर के बाहर भी साफ सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत हरौलीपुर में निर्माणाधीन ग्राम समूह पेयजल योजना का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइप पेयजल योजना को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर उसको पूर्ण क्षमता पर क्रियान्वित किया जाए। घरों में कनेक्शन देने का कार्य भी किया जाए। इसके बाद मंत्री ने कुरारा स्थित निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन भवन को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान विधायक सदर मनोज प्रजापति, जिलाधिकारी डॉ चंद्र भूषण, पुलिस अधीक्षक श्री शुभम पटेल, सीडीओ मथुरा प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक डॉ नागेंद्र नाथ यादव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रमेश चंद्र, एसडीएम सदर रवींद्र सिंह, सीओ सदर, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद हमीरपुर कुलदीप निषाद, सीएमओ डॉ एके रावत, सीएमएस पुरुष व महिला अस्पताल तथा अन्य संबंधित मौजूद रहे।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular