Monday, April 13, 2026
Homeराष्ट्रीयअशोक गहलोत नहीं लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव

अशोक गहलोत नहीं लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव

नई दिल्ली (हि.स.)। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। गहलोत ने गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद खुद इसकी जानकारी दी।

गहलोत ने कहा कि वह चाहते थे कि राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ें। इसके लिए उन्होंने खुद कोच्चि जाकर राहुल गांधी से अनुरोध किया था लेकिन जब वह नहीं माने तो ऐसे में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का मन बनाया था। अब राजस्थान में उपजे संकट के बाद वह अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे।

गहलोत ने कहा कि वह कांग्रेस के वफादार सिपाही हैं। बीते दो दिनों में राजस्थान में जो कुछ भी हुआ उससे वह बहुत दुखी हैं। इन घटनाओं के लिए उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी भी मांगी है।

यह अभी साफ नहीं हो पाया है कि गहलोत मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे या फिर पार्टी किसी और को मुख्यमंत्री बनाएगी। जब गहलोत से पत्रकारों ने इस मुद्दे पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि इस फैसले पर अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का है। वह जो फैसला लेंगी सबको मान्य होगा।

आशुतोष

RELATED ARTICLES

Most Popular